बुलंदशहर

नमाज के समय जामा म‍स्जिद का गुंबद गिरने से मासूम साद की मौत, दो बच्‍चे गंभीर

दिवाली के दिन बुलंदशहर के ऊपर कोर्ट इलाके में हुआ दर्दनाक हादसा

2 min read
jama masjid
jama masjid

बुलंदशहर। ऐतिहासिक जामा मस्जिद के तीन गुंबद में से एक दीवाली के दिन गुरुवार को गिर गया। गुंबद गिरने से तीन मासूम बच्चे और एक दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को लोगों ने मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें से गंभीर रूप से घायल तीन बच्‍चों को डाॅक्टरों ने हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। इनमें से दस साल के मासूम ने हायर सेंटर जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

दिवाली के दिन हुआ हादसा

बुलंदशहर के ऊपर कोर्ट इलाके की प्रसिद्ध जामा मस्जिद की मीनार और गुंबद दीपावली की दोपहर अचानक गिर गए। स्थानीय निवासियों ने बताया कि नालियों का पानी मस्जिद की दीवार में जमा हो रहा था, जिससे यह कमजोर हो गई थी। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे नमाज के समय मस्जिद की दीवार और गुंबद आचानक से गिर पड़ी। इससे तीन बच्चे और एक दर्जन लोग घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सभी घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर देखते हुए डाॅक्टरों ने बच्चों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर जाते समय 10 वर्षीय लड़के ने रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसा होने के कई घंटों बाद तक भी जिले का कोई बड़ा अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में काफी नराजगी है।

दिल्‍ली ले जाते समय तोड़ दिया दम

मस्जिद के मुख्य मौलवी जैनुल अबिदीन ने बताया कि गुंबद गिर जाने के कारण मस्जिद के निकट एक गली में खेल रहे लड़के उसकी चपेट में आ गये थे। उन्‍होंने बताया कि घटनास्थल पर भारी भीड़ एकत्र हो गई है, जिसके कारण बचाव अभियान में कुछ समय लग गया। बच्चों को निकालकर जिला अस्पताल में ले गए थे, जहां से डॉक्टरों ने इलाज के लिए उन्‍हें दिल्ली रेफर कर दिया था। उनके मुताबिक, दिल्ली ले जाते समय साद नाम के बच्चे की मौत हो गई।

Published on:
21 Oct 2017 10:16 am