
Bulandshahr Double Murder: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट और फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान एक युवक को कथित तौर पर तेज रफ्तार कार से कुचल दिया गया। इस हिंसक झड़प में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बुलंदशहर के निजामपुर गांव में हुई इस घटना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद उत्तम शर्मा और प्रशांत नाम के युवक के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ था। पहले दोनों पक्षों में बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया।
पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी के दौरान अजब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसी पक्ष के रतन और अरविंद घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
एसएसपी के अनुसार, दूसरे पक्ष के सोनू को कथित तौर पर जानबूझकर तेज रफ्तार वाहन से कुचल दिया गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी भी मौत हो गई। इस तरह इस पूरे विवाद में दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर घटना की जांच कर रही है।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर रही है। जो भी व्यक्ति इस हिंसा में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।