बुलंदशहर

चक्रवाती तूफान का कहरः ताश के पत्तों की तरह घरों की छतों और ई-रिक्शा के साथ बवंडर में उड़ा एक व्यक्ति, देखें Video

Highlights- बुलंदशहर के औरंगाबाद थाना क्षेत्र के सूरजपुर टीकरी गांव में चक्रवाती तूफान ने बरपाया कहर - तेज हवा के बवंडर में 50 से अधिक घर क्षतिग्रस्त- आधा दर्जन से अधिक लोग घरों के मलबे की चपेट में आने से घायल

2 min read
Mar 14, 2020

बुलंदशहर. औरंगाबाद थाना क्षेत्र के सूरजपुर टीकरी गांव में चक्रवाती तूफान ने जमकर कहर बरपाया है। तेज हवा के बवंडर ने ऐसा कहर बरपाया कि 50 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए और कई मकानों की छतों के साथ एक ई-रिक्शा व एक व्यक्ति ताश के पत्तों की तरह उड़ गए। बताया जा रहा है कि मकान के मलबे की चपेट में आने से आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत कार्य के साथ नुकसान का आंकलन किया है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर को अचानक आसमान में काले बादल छाने से अंधेरा छा गया। इसके बाद आैरंगाबाद के गांव सूरजपुर टीकरी में साढ़े तीन बजे तेज हवा चलनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इसी बीच तेज हवा चक्रवाती तूफान (बवंडर) में तब्दील हो गई। तेज हवा जमीन से आसमान तक गोल-गोल घूमने लगी। इस तूफान के कारण दर्जनों मकान क्षतिग्रस्त हो गए और मकानों की छत समेत घर का सामान बवंडर में उड़ने लगा। इस दौरान दहशतजदा लोगों में भगदड़ की स्थिति बन गई। उन्होंने बताया कि किसी घर का पक्का लेंटर धवस्त हो गया तो किसी का छप्पर हवा में उड़ने लगा।

इस दौरान एक ई रिक्शा भी बवंडर में फंस गया, जो हवा में उड़ते हुए काफी दूर जाकर गिरा। इसी तरह एक व्यक्ति भी बवंडर की चपेट में आने से काफी देर तक हवा में ही रहा। वहीं, मकानों के मलबे से गांव के रहने वाले करीब आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल भी हो गए। इसके अलावा कुछ पशु भी घायल हुए हैं। चक्रवात के कहर की सूचना के बाद मौके पर पुलिस के साथ पहुंची प्रशासनिक टीम ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सीओ सिटी राघवेन्द्र मिश्रा ने बताया कि चक्रवाती तूफान से सात लोग घायल हुए हैं। राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आंकलन कर रही है। आपदा प्रबंधन टीम को भी मौके पर भेजा गया है।

Published on:
14 Mar 2020 10:44 am
Also Read
View All