बुलंदशहर

फॉर्म हाउस का खौफनाक सच, 7 महीने की गर्भवती पत्नी को पीटकर मार डाला, फिर खुद लगा ली फांसी

गाजियाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वेव सिटी थाना क्षेत्र के क्रिस्टल फॉर्म हाउस में पति ने अपनी 7 महीने की गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की वजह पति का शक बताया जा रहा है।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2025, 1:23 AM IST
Feature image

दंपती 15 दिन पहले फॉर्म हाउस में काम करने आया था। मंगलवार सुबह जब कमरे से कोई हलचल नहीं हुई तो कर्मचारियों ने दरवाजा खोला। अंदर का नजारा देख सभी सन्न रह गए। राहुल फांसी के फंदे पर लटका था, जबकि पत्नी सुमन का शव बेड के पास खून से लथपथ पड़ा था। उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे और गले में दुपट्टा कसकर लपेटा गया था।

मरने से पहले राहुल ने एक सुसाइड नोट लिखा है, जिसमें उसने घटना के लिए अपने भाई चंदर को जिम्मेदार ठहराया है। फोरेंसिक टीम ने नोट को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि लिखावट देखकर लग रहा है कि राहुल ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं था। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसने अपने भाई को क्यों जिम्मेदार बताया।

राहुल (28) बुलंदशहर के दुलकरा गांव का रहने वाला था। उसकी शादी करीब दो साल पहले हरियाणा के फरीदाबाद की सुमन (25) से हुई थी। सुमन सात महीने की गर्भवती थी। राहुल बैंक्वेट हॉल में सजावट का काम करता था और 15 दिन पहले ही पत्नी के साथ क्रिस्टल फॉर्म हाउस में काम करने आया था। फॉर्म हाउस को गौतमबुद्धनगर के थाना बिसरख के चिपियाना निवासी सुशील शर्मा ठेके पर चलाते हैं। उन्होंने राहुल को काम के साथ वहीं एक कमरा रहने के लिए दे दिया था।

फॉर्म हाउस में राहुल के साथ अमित नाम का एक अन्य कर्मचारी भी रहता था। सोमवार रात राहुल शराब पीकर कमरे में लौटा। उसकी पत्नी से कहासुनी बढ़ी और मामला मारपीट तक पहुंच गया। स्टाफ के लोग शोर सुनकर पहुंचे और दोनों को शांत किया, लेकिन देर रात पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, राहुल को शक था कि सुमन का किसी से अफेयर है और इसी शक की वजह से दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में राहुल ने पहले सुमन को बेलन से पीटा और फिर उसके गले में दुपट्टा कसकर हत्या कर दी।

पत्नी की हत्या के बाद राहुल ने खुद को फांसी लगा ली। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अमित ने दोनों के शव देखे और तुरंत सुशील को सूचना दी। मौके से खून और आटे से सना बेलन बरामद किया गया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने कमरे से कई साक्ष्य इकट्ठे किए हैं। दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

Updated on:
19 Nov 2025, 1:23 AM IST
Published on: