बुलंदशहर

UPSC Result 2024: महज 22 साल की उम्र में पहला प्रयास और रैंक 385, तुषार ने शेयर किया अपना सक्सेस सीक्रेट

UPSC Result 2024: सिविल सेवा परीक्षा 2024 का परिणाम आ चुका है। इस बार का ये परिणाम उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए बेहद खास रहा क्योंकि परीक्षा की टॉपर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से हैं। इसके साथ ही प्रदेश के कई युवाओं ने भी इस परीक्षा में सफलता हासिल की। ऐसे ही 22 साल के तुषार ने भी पहले प्रयास में सफलता का स्वाद चखा।
2 min read
• •
Updated: 22 Apr 2025, 8:41 PM IST
upsc 2024 result

upsc result 2024: बुलंदशहर जिले के 22 वर्षीय तुषार सिंह ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2024 में पहली बार में ही ऑल इंडिया 385वीं रैंक हासिल कर ली है। इस उपलब्धि के साथ तुषार का चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में हुआ है। सफलता के बाद तुषार ने अपनी रणनीति साझा की है।

सेल्फ स्टडी से पाया मुकाम

बुलंदशहर के यमुनापुरम निवासी तुषार की इस सफलता से न केवल उनके परिवार में खुशी की लहर है, बल्कि पूरा बुलंदशहर गौरवान्वित महसूस कर रहा है। तुषार की प्रारंभिक शिक्षा बुलंदशहर के एक प्राइवेट स्कूल से हुई। इंटरमीडिएट में उन्होंने शानदार अंक प्राप्त किए थे। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया। खास बात यह रही कि उन्होंने बिना कोचिंग के केवल सेल्फ स्टडी से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की और अपने पहले प्रयास में ही upsc result 2024 में सफलता अर्जित की।

शिक्षा क्षेत्र से रहे हैं पिता

तुषार के पिता प्रोफेसर ओ.पी. सिंह शिक्षा क्षेत्र से जुड़े हैं और बुलंदशहर में एक प्रतिष्ठित शिक्षक के रूप में जाने जाते हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर उन्होंने गर्व के साथ कहा कि तुषार बचपन से ही देश सेवा के लिए समर्पित था। तुषार का कहना है कि वे आगे चलकर पिछड़े और वंचित वर्गों के लिए काम करना चाहते हैं।

तुषार ने शेयर किया अपना सक्सेस सीक्रेट

तुषार ने अपनी सफलता का श्रेय आत्मविश्वास, अनुशासन और समय प्रबंधन को दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाकर, प्रतिदिन 8 से 10 घंटे पढ़ाई की। लगन, निरंतरता और आत्मनिर्भरता ही एकमात्र तरीका है जिससे कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। तुषार का मानना है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत में कोई कसर न रहे तो सफलता जरूर मिलती है। तुषार अब न सिर्फ युवाओं के लिए रोल मॉडल बन चुके हैं बल्कि बुलंदशहर जिले के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं।

Updated on:
22 Apr 2025, 8:41 PM IST
Published on: