
बुलंदशहर. यूपी के बुलंदशहर में सवारियों से भरा एक वाहन (छोटा हाथी) अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 20 लोग सवार थे। इस हादसे में दर्जनभर लोग लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बता दें कि यह वाहन लॉकडाउन के चलते दिल्ली-नोएडा से लोगों को लेकर रामपुर, मुरादाबाद और उत्तराखंड छोड़ने जा रहा था।
लॉकडाउन के चलते दिल्ली-नोएडा से पलायन करने का दौर जारी है। दिल्ली-नोएडा में काम करने वाले लोग भारी संख्या में पलायन करने को मजबूर हैं। कुछ लोग पैदल तो कुछ वाहनों में भरकर अपने-अपने गृह नगर के लिए रवाना हो रहे हैं। इसी कड़ी में सवारियों को भरकर दिल्ली-नोएडा से सवारियों को भरकर रामपुर, मुरादाबाद और उत्तराखंड के लिए चला एक टाटा मैजिक वाहन शनिवार को बुलंदशहर जिला जेल के पास बिलसूरी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में दर्जनभर लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना के बाद मौके पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे में घायल हरपाल सिंह ने बताया कि टाटा मैजिक में सवार कुछ लोग मुरादाबाद व रामपुर के तो कुछ उत्तराखंड के रहने वाले थे। अचानक हुए इस हादसे में दर्जनभर लोग घायल हुए हैं। जिला अस्पताल इमरजेंसी इंचार्ज राजीव अग्रवाल ने बताया कि सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर है।