बूंदी

Bundi : हवाई मार्ग से विकास के नए द्वार खुलेंगे, कोटा को आईटी का बड़ा हब बनाएंगे : बिरला

बूंदी.कोटा. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने शनिवार को शंभूपुरा में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का विधिवत भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।

3 min read
Mar 08, 2026
बूंदी. शंभूपुरा में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के शिलान्यास के दौरान लोगों का अभिवादन करते लोकसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री।

बूंदी.कोटा. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने शनिवार को शंभूपुरा में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का विधिवत भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस दौरान हाड़ौती अंचल में पेयजल समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए दो बड़ी परियोजनाओं, नौनेरा वृहद और परवन-अकावद पेयजल परियोजना का भी शिलान्यास किया गया। इन महत्वाकांक्षी योजनाओं पर 4600 करोड़ रुपए से अधिक के काम होंगे, जिससे कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ जिलों के हजारों गांवों के लाखों परिवारों को ‘हर घर जल’ मिशन के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

शम्भूपुरा शिलान्यास समारोह के लिए बड़ा सभा स्थल बनाया गया था। इस मौके पर बिरला ने कहा कि आज क्षेत्र की जनता की दशकों पुरानी मांग पूरी हो रही है। प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि 2023 में किया गया वादा आज संकल्प से सिद्धि तक पहुंचा है।

वहीं मुख्यमंत्री ने भी एयरपोर्ट की हर बाधा को दूर करने का जो भरोसा दिलाया था, उसे आज पूरा कर दिखाया है। इस एयरपोर्ट को देश के अधिकतम राज्यों से हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि रीको की ओर से एयरपोर्ट के पास ही 600 हेक्टेयर जमीन पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा, जिससे आईटी सेक्टर और प्रोसेङ्क्षसग यूनिट््स के नए द्वार खुलेंगे। कोटा को आईटी सेक्टर का बड़ा हब बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हम विकास के सपने देखते हैं और उन्हें पूरा भी करते हैं।

पीएम ने कोटा की खूबियां बताई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि कोटा ऊर्जा का भी एक महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां ऊर्जा के लगभग सभी स्रोतों से बिजली का उत्पादन होता है। हाड़ौती की धरती अपनी सांस्कृतिक और आर्थिक धरोहरों के लिए भी प्रसिद्ध है। कोटा की कचौरी, कोटा डोरिया साड़ी, सैंडस्टोन की चमक, यहां का धनिया और बूंदी के बासमती चावल की पहचान विदेशों तक है। उन्होंने कहा कि कोटा की यह धरती आस्था का भी बड़ा केंद्र है। सदियों से देश-दुनिया के श्रद्धालु यहां श्री मथुराधीश जी पावन पीठ, श्री खड़े गणेश जी महाराज एवं श्री गोदावरी धाम के बालाजी जैसे पवित्र स्थलों के दर्शन के लिए आते रहे हैं। हवाई कनेक्टिविटी मिलने से धार्मिक पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा।

अब दिल्ली तक भी पहुंचेगी गर्मागर्म कोटा कचौरी : सीएम
सीएम भजन लाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में सरकार आते ही सिर्फ तीन महीने में एयरपोर्ट के रास्ते में आ रही सारी अड़चनें खत्म कर दीं। आगे भी किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं आने देंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान तेजी से विकसित हो रहे राज्यों में शामिल है और बुनियादी ढांचे के मजबूत होने से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलती है। सीएम बोले, कोटा की कचौड़ी जिसका नाम सुनकर मुंह में पानी आ जाता हैज्अब वो बिरला जी के पास दिल्ली में गर्मा-गर्म पहुंचेगी।

दो साल में पूरा करेंगे निर्माण - नायडू
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि एयरपोर्ट का काम काफी पहले शुरू हो जाता, लेकिन केंद्र सरकार जितनी तेजी से निर्णय ले रही थी, तत्कालीन राजस्थान सरकार उतना ही डिले कर रही थी। भजनलाल शर्मा जब मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने तीन महीने में सारी क्लीयरेंस दिलवा दी। अब हमारा लक्ष्य है कि किसी भी सूरत में कोटा बूंदी एयरपोर्ट का काम दो साल में पूरा करवाएंगे। कई एयरलाइंस कोटा से उड़ान भरने के लिए तैयार बैठी हैं। पुराने हवाई अड्डे की जमीन पर फ्लाइंग ट्रेङ्क्षनग सेंटर खोलेंगे।

कांग्रेस सरकार को कोसा
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर प्रहार करते हुए कहा कि कोटा एयरपोर्ट और पेयजल परियोजनाएं क्षेत्र की पुरानी मांग थी। जिन्हें कांग्रेस सरकार ने 5 साल तक रोके रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में चार बार टेंडर हुए और 40 प्रतिशत तक ‘अबोव रेट’ आई थी, लेकिन भजनलाल सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के कारण इस बार टेंडर 9 से 15 प्रतिशत की वाजिब रेट पर हुए हैं। विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कई रोड़े अटकाए, लेकिन लोकसभा अध्यक्ष के ²ढ संकल्प से ही यह सपना साकार हुआ है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, प्रभारी मंत्री गौतम दक, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा, पूर्व मंत्री प्रभूलाल सैनी, पूर्व विधायक अशोक डोगरा, चन्द्रकांता मेघवाल, भाजपा शहर अध्यक्ष राकेश जैन, देहात अध्यक्ष प्रेम गोचर, बूंदी जिला अध्यक्ष रामेश्वर मीणा भी मंचासीन थे।

Updated on:
08 Mar 2026 11:54 am
Published on:
08 Mar 2026 11:53 am
Also Read
View All

अगली खबर