बूंदी

रोक के बाद भी आखिर कहां से आ रही है बूंदी जिले में बजरी…

सुप्रीम कोर्ट के आदेश से बजरी खनन पर रोक के बावजूद भी शहर में बजरी के ट्रक पहुंचने का सिलसिला जारी है।
2 min read
Jun 02, 2018
bajari reached in Bundi Dabi police station area
रोक के बाद भी आखिर कहां से आ रही है बूंदी में बजरी...

बूंदी. सुप्रीम कोर्ट के आदेश से बजरी खनन पर रोक के बावजूद भी शहर में बजरी के ट्रक पहुंचने का सिलसिला जारी है। बूदी जिले के डाबी थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई में शनिवार को बजरी से भरे चार ट्रक व ट्रेक्टर,ट्रोले पकड़े गए इससे पहले भी इस क्षेत्र में कार्रवाई हो चुकी। जिसके बाद अब सवाल उठने लगा है कि सुप्रीम कोर्ट की बजरी खनन पर लगाई रोक के बावजूद भी आखिर बूंदी में बजरी कैसे पहुंच रही है।

वही जानकारों की माने तो पुलिस व प्रशासन की मिलीभगत के चलते रोक के बावजूद बजरी के शहर में पहुंचने का सिलसिला जारी हैं। मिलीभगत के कारण ही खनन माफियाओं में पुलिस का कोई खौफ नहीं है तथा बजरी खनन माफिया के अवैध बजरी खनन का कारोबार फल-फूल रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए बनास नदी से अवैध रूप से बजरी भरकर लाए चार ट्रकों को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रूकवाया। जिसके बाद जांच की तो उसमें बजरी भरी मिली जिसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ कर जब्त कर लिया और उन पर कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी बुद्धिप्रकाश नामा ने बताया कि मुखबीर द्वारा सूचना मिली थी कि राज मार्ग 27 से गश्त के दौरान अवैध बजरी से भरे हुए ट्रक खड़े है। जिनको ड्राइवर बेचने की फिराक में है। इसी दौरान पुलिस ने मुखबीर द्वारा बताए हुए ठिकाने पर दबिश देकर ट्रकों को जब्त कर लिया। पुलिस ने इसकी सूचना खनिज विभाग को दी।

सूचना मिलने पर खनिज विभाग की टीम रवाना हो गई। करीब चार लाख से अधिक का जुर्माना होगा। ट्रकों को जब्त कर लिया है। सुप्रीम कोर्ट के बजरी खनन और उसके परिवहन पर रोक लगाए हुए लगभग चार माह हो चुके हैं लेकिन बजरी माफिया फिर भी बजरी घर तक पहुंचा रहे हैं। कार्यवाही का मामला सामने आने के बाद भी खनिज विभाग देरी से पहुंचा।

Published on:
02 Jun 2018 01:30 pm