बूंदी

भाजपा और कांग्रेस ने प्रदेश को गर्त में धकेलने का काम किया

भारत वाहिनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम तिवारी ने कहा कि पार्टी समरसता का भाव लेकर चुनाव मैदान में उतरी है।
2 min read
Sep 28, 2018
Bundi hindoli dharna05
भाजपा और कांग्रेस ने प्रदेश को गर्त में धकेलने का काम किया

भारत वाहिनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने किया संबोधित
केशवरायपाटन. भारत वाहिनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम तिवारी ने कहा कि पार्टी समरसता का भाव लेकर चुनाव मैदान में उतरी है। हमारा लक्ष्य साफ सुथरी सरकार देना है। भाजपा और कांग्रेस ने प्रदेश को गर्त में धकेलने का काम किया है। भाजपा शासन में प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ी और कानून व्यवस्था चौपट हो गई। भ्रष्टाचार इतना बढ़ गया कि वह सभी रिकॉर्ड तोड़ चुका। तिवारी शुक्रवार को यहां मात्रा हनुमान मंदिर परिसर में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर चुटकी लेते हुए बताया कि शाह कहते हैं कि प्रदेश में पार्टी ने अंगद का पांव रोप दिया है। अंगद ने तो लंका में पांव रोपा था। यह प्रदेश की जनता का अपमान हुआ।राजस्थान तो वीरों की धरती है। मुख्यमंत्री गौरव यात्रा उनकी विदाई यात्रा है।
शाह का अपनी पार्टी में ही कोई वजूद नहीं है इस वजह से वह अपने चहेते गजेंद्र सिंह को प्रदेश अध्यक्ष नहीं बना पाए। तिवारी ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश में 200 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बूंदी जिले की सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े करेगी। तिवारी ने कहा कि भाजपा ने देश में अमीर व गरीबों के बीच खाई पैदा कर दी। तिवारी के साथ युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष सुधांशु जैन, प्रभारी योगेश वर्मा साथ। इससे पहले सरकारी चीनी मिल चौराहे से वाहिनी के कार्यकर्ता वाहन रैली के साथ मात्रा हनुमान मंदिर पहुंचे।
बांसुरी से मोहित होगा प्रदेश
भारत वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष तिवारी ने मात्रा हनुमान मंदिर परिसर में कार्यकर्ताओं से कहा कि उनका कार्यक्रम कोटा में था, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं के आग्रह पर उनको यहां रुकना पड़ा।यहां पर यह शुरुआत है जो बड़े बदलाव का संकेत है। प्रदेश में बांसुरी का जादू चलेगा और तीसरे विकल्प के रूप में जनता को साफ-सुथरी छवि वाली सरकार देने का काम करेंगे।

Published on:
28 Sept 2018 10:14 pm