Bundi News हिण्डोली के अशोक नगर में रविवार रात को एक पलंग पर सो रही 7 माह की बालिका व उसके 4 वर्षीय भाई की सर्पदंश से मृत्यु हो गई। अशोक नगर निवासी छीतर लाल भील खेत पर काम करने गया था।
बूंदी। हिण्डोली के अशोक नगर में रविवार रात को एक पलंग पर सो रही 7 माह की बालिका व उसके 4 वर्षीय भाई की सर्पदंश से मृत्यु हो गई। अशोक नगर निवासी छीतर लाल भील खेत पर काम करने गया था। पत्नी घर के बाहर काम कर रही थी। सात माह की बेटी भारती व 4 वर्षीय पुत्र रोहित छप्पर में एक पलंग पर सो रहे थे। उस समय बारिश हो रही थी। रात को कुछ देर के लिए बिजली गुल हो गई।
इस दौरान सांप ने दोनों को काट लिया। भारती जोर से रोने लगी। आवाज सुनकर मां गुलाब देवी अंदर गई, इसी दौरान लाइट भी आ गई। गुलाब देवी ने वहां से सांप को देखा। बेटी को लेकर बूंदी चिकित्सालय पहुंचे, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि दूसरे दिन ही बेटे रोहित की भी तबीयत खराब हो गई।
उसे बूंदी चिकित्सालय ले गए, वहां स्थिति गंभीर होने से उसे कोटा रेफर कर दिया। वहां बालक की भी बुधवार देर रात को उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक बालक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं घटना के बाद परिजनों व समाज के लोगों में गमगीन माहौल बना हुआ है।