बूंदी

Bundi : एक ही कक्ष में संचालित हो रही पांच कक्षाएं, स्टोर रूम और कार्यालय

उपखण्ड की फुलेता ग्राम पंचायत के बागेड़ा राजकीय प्राथमिक विद्यालय में कक्षा कक्षों की जर्जर हालत के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

less than 1 minute read
Mar 20, 2026
नैनवां. विद्यालय में कक्षा कक्षों के निर्माण की मांग को लेकर उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन देते बागेड़ा के ग्रामीण।

नैनवां. उपखण्ड की फुलेता ग्राम पंचायत के बागेड़ा राजकीय प्राथमिक विद्यालय में कक्षा कक्षों की जर्जर हालत के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। दो कक्षों व एक बरामदे वाले विद्यालय भवन में एक कक्षा कक्ष व बरामदा क्षतिग्रस्त होने से एक कक्ष में पांच कक्षाओं को बैठाना पड़ रहा तो उसी कक्ष में स्टोर व कार्यालय भी संचालित करना पड़ रहा।

बागेड़ा गांव के लोगों ने गुरुवार को उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन देकर विद्यालय में दो नवीन कक्षा कक्ष का निर्माण व मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में लिखा है कि जर्जर भवन कभी भी हादसे का कारण बन सकता है, जिससे नौनिहालों की सुरक्षा पर भी खतरा बना हुआ है।

विद्यालय में वर्तमान में दो कमरे बने हुए है। एक कमरा व बरामदे की छत की पट्टियां टूटी हुई है, जिससे बरामदा व कमरा बंद पड़ा हुआ है। विद्यालय में एक ही कक्ष होने से पांचों कक्षाएं भी उसी में ही चलानी पड़ रही है। कार्यालय व स्टोर रूम भी उसी कमरे को बना रखा है।

ज्ञापन देने वालो में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामबिलास, वार्ड पंच दशरथ सिंह, जोधराज गुर्जर, शोजीलाल, सुखपाल, किशनलाल, मायाराम, देवलाल, राजाराम, भंवर सिंह सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे। उपखंड अधिकारी भागचंद रेगर ने सीबीईओ व विकास अधिकारी को मामले को देखने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

Also Read
View All

अगली खबर