बूंदी

Bundi : जर्जर ओवरब्रिज से गुजर रहे वाहन, मरम्मत का इंतजार

क्षेत्र में दिल्ली मुम्बई रेल मार्ग पर पापड़ी गांव के समीप मेगा हाइवे पर करीब 15 माह पहले ही यातायात के लिए शुरू किए ओवरब्रिज की हालत भारी ट्रैफिक दबाव के चलते जर्जर हो गया है।

2 min read
May 03, 2026
लबान. पापड़ी ओवरब्रिज से निकले सरिए

लबान. क्षेत्र में दिल्ली मुम्बई रेल मार्ग पर पापड़ी गांव के समीप मेगा हाइवे पर करीब 15 माह पहले ही यातायात के लिए शुरू किए ओवरब्रिज की हालत भारी ट्रैफिक दबाव के चलते जर्जर हो गया है। ओवरब्रिज की सड़क से डामर पूर्णतया उखड़ गया है। सैकड़ों की संख्या में गड्ढे हो गए है और जगह जगह सरिए निकल आए है, जिसके चलते ओवरब्रिज की हालत खस्ताहाल हो चुकी है और प्रशासनिक उपेक्षा के चलते मरम्मत का इंतजार कर रहा है।

गौरतलब है कि जनवरी 2025 में क्षेत्र में आठ लेन के दिल्ली मुम्बई एक्सप्रेस वे सड़क को लबान से कोटा तक के लिए यातायात के लिए शुरू किया गया था, जिसके चलते मेगा हाइवे व एक्सप्रेस के भारी वाहनों के दबाव के चलते ओवरब्रिज शुरू होने के कुछ माह बाद ही जर्जर हो गया, जो समय पर मरम्मत नहीं होने से जर्जर होता चला गया और अब तो सड़क के नाम पर ओवरब्रिज पर गड्ढे ही बचे है।

उपेक्षा का शिकार
ओवरब्रिज पर अब मार्च एक्सप्रेस वे लबान से सवाई माधोपुर तक शुरू करने बाद घटा है, लेकिन प्रशासन ने फिर भी ओवरब्रिज की सुध नहीं ली और स्थाई तौर पर मरम्मत कार्य नहीं किया गया है, जबकि अब यहां पर पूर्व की अपेक्षा वाहनों का दबाव कम हो गया है।

रेलवे व पीडब्ल्यूडी ने मिल कर बनाया था
जानकारी के अनुसार ओवरब्रिज 2012 में स्वीकृत हुआ था। 2018 में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर कार्य शुरू हुआ और 2025 में इस यातायात के लिए शुरू किया गया और अब 6 माह में ही जर्जर हो गया। अब यातायात शुरू होने के 15 माह बाद तो सड़क उखड़ कर जर्जर हो गया है। इस ओवरब्रिज का निर्माण रेलवे व पीडब्ल्यूडी ने मिलकर किया था।

जनप्रतिनिधियों ने की मरम्मत की मांग
क्षेत्र के लबान सरपंच बुद्धि प्रकाश, भाजपा मण्डल अध्यक्ष पवन मीणा, युवा मोर्चा अध्यक्ष हेमन्त पालीवाल, सहकारी अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, जिला परिषद सदस्य के सी वर्मा, समाजसेवी रामावतार मीणा, खरायता सरपंच बद्री लाल मीणा, उप सरपंच गिरिराज शर्मा आदि ने प्रशासन से ओवरब्रिज की तत्काल मरम्मत की मांग की है।

बार बार लगता है जाम
ओवरब्रिज की सड़क डामर उखडऩे व गड्ढों के चलते ट्रक कई बार अटक जाते है, जिससे सड़क जाम हो जाती है और वाहनों चालकों को परेशान होना पड़ता है।

ओवरब्रिज अभी गारंटी समयावधि में संवेदक को मरम्मत कार्य करना है। जल्द ही कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
हिमांशु दाधीच, सहायक अभियन्ता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, लाखेरी

Published on:
03 May 2026 05:26 pm
Also Read
View All