
बूंदी. शहर के नैनवां रोड गेट संख्या 6 में स्थित तेजस्विनी बालिका खुला आश्रय गृह से सोमवार देर रात एक किशोरी दीवार फांद कर फरार हो गई। किशोरी के फरार होने की सूचना मिलने पर आश्रय गृह की इंचार्ज ने सदर थाने में पहुंचकर रिपोर्ट सौंपी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास जायजा लिया, लेकिन किशोरी का कहीं पता नहीं चला, बाद में पुलिस ने उसे दूसरे दिन मंगलवार को बरामद किया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि किशोरी यहां बालिका गृह में 10 दिन पहले आई थी जो सोमवार देर शाम मौका पाकर यहां से फरार हो गई । किशोरी को नैनवां थाना पुलिस ने दस्तयाब किया था, जिसके बाद उसे यहां किशोरी बालिका गृह में रखा गया था। सदर थाना पुलिस ने बताया कि बिजली गुल होने के बाद किशोरी आश्रय गृह की दीवार फांदकर कूद गई , बाद में उसने रात चलते किसी आदमी के मोबाइल फोन से किसी अपने परिचित को फोन किया और उसके साथ फरार हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई। इसके लिए टीम गठित की, जिसने किशोरी को मंगलवार को बरामद किया।