बूंदी

Bundi : कर्मिश्यल सिलेंडर के दाम बढ़े, होटल और ढाबों पर महंगी हुई थाली

एलपीजी गैस की कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी ने आमजन और छोटे कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 993 रुपए का भारी उछाल आया है। पहले 2145 रुपए में मिलने वाला यह सिलेंडर अब 3137 रुपए का हो गया है।

2 min read
May 04, 2026
बूंदी. गैस गोदाम में रखे एलपीजी सिलेण्डर।

बूंदी. एलपीजी गैस की कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी ने आमजन और छोटे कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 993 रुपए का भारी उछाल आया है। पहले 2145 रुपए में मिलने वाला यह सिलेंडर अब 3137 रुपए का हो गया है। इस वृद्धि का सीधा असर होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों पर पड़ेगा, जिससे भोजन और आयोजनों का खर्च बढ़ेगा।

यह कमर्शियल गैस सिलेंडर की दरों में दूसरी वृद्धि है। इसके अलावा, पांच किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर में भी 242 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। यह सिलेंडर अब 620 रुपए के बजाय 862 रुपये में मिलेगा, जिससे श्रमिक वर्ग और बिना कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। जानकारों का कहना है कि खाड़ी युद्ध के असर से पहले ही कई वस्तुएं महंगी हो चुकी थीं और अब पश्चिम बंगाल एवं केरल के चुनाव निपटते ही गैस के दामों में अप्रत्याशित वृद्धि कर दी गई है।

मार्च-अप्रेल में 2 लाख 20 हजार सिलेंडर की खपत
रसद विभाग के अधिकारियों के अनुसार जनवरी व फरवरी में जहां सिलेंडर की खपत मांग के अनुरुप हुई तो वहीं मार्च-अप्रेल शादी-विवाह व त्योहार के आयोजन के चलते एकाएक सिलेंडर की खपत में बढ़ोतरी हुई। मार्च में जहां एक लाख 20 हजार सिलेंडर तो वहीं अप्रेल में 1 लाख के करीब सिलेंडर जिलेभर से उठे है। यहीं नहीं अब नई दरों के चलते मई में इनकी संख्या में कमी आएगी।

नए रेट लागू होते ही बिगड़ा बजट
पर्यटन आधारित शहर में नए रेट लागू होते ही खाद्य व्यवसाय का बजट बिगड़ गया है। नई दरों के बढऩे से कई कारोबारी जरूरत के अनुसार सिलेंडर तो बुक करा रहे हैं, लेकिनबढ़ी हुई कीमतों ने उनका बजट संतुलन बिगाड़ दिया है। खाद्य व्यवसाय के संचालकों का कहना है कि लगातार बढ़ती लागत के बीच अब उनका मुनाफा सीमित होता जा रहा है। नई दर बढऩे के साथ ही सिलेंडर की मांग में कमी आने लगी है। विभाग का मानना है कि नियमों के तहत 25 दिनों में सिलेंडर की उपलब्धता जारी है।

होटल-रेस्टोरेंट में बढ़ेगा घरेलू का उपयोग
वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बाद अब घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध उपयोग बढऩे की आशंका गहरा गई है। प्रति सिलेंडर 993 रुपए की कारोबारी वृद्धि से होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट के सामने संकट खड़ा हो गया है। व्यापारी यह अतिरिक्त भार उत्पादों पर डालेंगे, जिससे ग्राहकों के मुंह मोडऩे का डर है।

ऐसे में छोटे कारोबारियों का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है और मजदूर वर्ग के सामने रोजी-रोटी का संकट गहराएगा। वर्तमान में शहर में घरेलू गैस सिलेंडर का स्टॉक करीब 7 हजार और कमर्शियल का 200 के करीब है। हालांकि, विभाग का मानना है कि पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर की डिलीवरी जारी है। व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द ही कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

कमर्शियल में 993 व पांच किलो गैस सिलेंडर में 242 रुपए दाम बढ़े है। वर्तमान में घरेलू गैस सिलेंडर का स्टॉक 7 हजार के आसपास है तो वहीं कमर्शियल सिलेंडर 200 के लगभग है। मार्च-अप्रेल के दौरान सिलेंडर की खपत 2 लाख 20 हजार के आसपास हुई है। इन दो माह में शादी के सीजन के साथ कई त्योहार भी थे। गैस पर्याप्त मात्रा में है। घरेलू गैस की सप्लाई भी घर-घर हो रही है।
शिवजीराम जाट, प्रवर्तन अधिकारी, रसद विभाग, बूंदी

Updated on:
04 May 2026 11:29 am
Published on:
04 May 2026 11:28 am
Also Read
View All