जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अनुशंसा पर बूंदी पोस्ट ऑफिस में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। यह केंद्र क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय कोटा के अधीन संचालित होगा और जल्द ही आमजन के लिए शुरू किया जाएगा।
बूंदी. जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अनुशंसा पर बूंदी पोस्ट ऑफिस में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। यह केंद्र क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय कोटा के अधीन संचालित होगा और जल्द ही आमजन के लिए शुरू किया जाएगा। अब बूंदी सहित जिले के लोगों को पासपोर्ट बनवाने या नवीनीकरण के लिए जयपुर या कोटा के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
शहर के मुख्य डाकघर परिसर में स्थापित इस केंद्र में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और वर्तमान में ट्रायल जारी है। प्रधान डाकघर परिसर में दो केबिन तैयार किए गए हैं, जहां बायोमेट्रिक मशीन, हाई-स्पीड इंटरनेट, कैमरा और वेरिफिकेशन के लिए जरूरी सर्वर लगाए गए हैं। स्टाफ की ट्रेनिंग भी पूरी हो चुकी है और पिछले तीन दिनों से डमी आवेदनों पर ट्रायल किया जा रहा है, ताकि किसी भी तकनीकी खामी को पहले ही दूर किया जा सके।
प्रतिदिन 40 आवेदन
नए केंद्र में प्रतिदिन करीब 40 अपॉइंटमेंट््स की सुविधा रहेगी। इससे आवेदन प्रक्रिया तेज होगी और लोगों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अधिकांश प्रक्रियाएं यहीं पूरी होने से समय और खर्च दोनों की बचत होगी। अब तक बूंदी, हिण्डोली, केशवरायपाटन, तालेड़ा, नैनवां और लाखेरी क्षेत्र के लोगों को पासपोर्ट के लिए 200-250 किमी दूर जयपुर या 35 किमी दूर कोटा जाना पड़ता था। कई बार एक दिन में काम नहीं होने पर अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता था। नया केंद्र शुरू होने से यह काम 2-3 घंटे में ही पूरा हो सकेगा और करीब 1500-2000 रुपए तक की बचत होगी। अब जिले के छात्रों, नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं, व्यापारियों और विदेश जाने वाले लोगों को फायदा मिलेगा।
ऐसे करें आवेदन
आवेदक को ऑनलाइन पोर्टल पर फॉर्म भरकर फीस जमा करनी होगी। इसके बाद तय अपॉइंटमेंट के दिन केंद्र पर पहुंचकर मूल दस्तावेज दिखाने होंगे। यहां फोटो, फिंग़र प्रिंट और आईरिस स्कैन के बाद पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होगी और पासपोर्ट स्पीड पोस्ट के जरिए सीधे घर भेज दिया जाएगा।
इन सेवाओं का मिलेगा लाभ
नया पासपोर्ट जारी: पहली बार आवेदन, दस्तावेज जांच और बायोमेट्रिक
रिन्यूअल/डुप्लीकेट: एक्सपायरी, पेज खत्म या खोए पासपोर्ट का नवीनीकरण
पीसीसी सुविधा: नौकरी या इमिग्रेशन के लिए पुलिस क्लियरेंस
डेटा अपडेट: नाम, पता, जन्मतिथि आदि में संशोधन
तत्काल सेवा: आपात स्थिति में त्वरित आवेदन
हेल्पडेस्क: आवेदन स्थिति व दस्तावेज संबंधी जानकारी
शहर के बीचोबीच स्थित प्रधान डाकघर में पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू किया जा रहा है। इसको लेकर ट्रायल का कार्य पूरा हो चुका है। कार्य अंतिम चरणों में है।
विपुल देव, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, कोटा