बूंदी

डीएपी खाद का संकट, धान पर मंडरा रहा खतरा

धान की फसल के लिए इस समय डीएपी खाद की आवश्यकता है, लेकिन क्षेत्र के किसानों को खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
2 min read
Sep 24, 2025
डीएपी खाद का संकट, धान पर मंडरा रहा खतरा
लबान. बिना खाद पानी के मुरझाई धान की फसल।

लबान. धान की फसल के लिए इस समय डीएपी खाद की आवश्यकता है, लेकिन क्षेत्र के किसानों को खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। सहकारी समितियों और निजी डीलरों के पास लंबे समय से खाद का स्टॉक नहीं होने से किसान दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं।

किसान राजेन्द्र मीना ने बताया कि इस सीजन में पहले ही सोयाबीन और उड़द की फसलें अतिवृष्टि से चौपट हो चुकी हैं। ऐसे में उनकी उम्मीदें धान की फसल पर टिकी हुई हैं। लेकिन समय पर डीएपी खाद नहीं मिलने से धान की फसल कमजोर पड़ रही है। किसान अपनी मेहनत और भविष्य को लेकर बेहद चिंतित हैं।

किसान नेता महेश मीणा ने बताया कि धान की फसल करीब तीन महीने की हो चुकी है और इस समय धान के खाद अनिवार्य है, लेकिन सरकार की अनदेखी व लापरवाही के कारण किसान ठगा जा रहा है। हम समितियों और डीलरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कहीं खाद नहीं मिल रही। अगर समय रहते खाद की सप्लाई नहीं की गई तो आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।

मालिकपूरा के योगराज सैनी ने बताया कि धान के खेत में महंगा डीजल जला कर पानी भरा है परन्तु अब खाद नही मिलने से पानी सूखता जा रहा बड़ाखेड़ा के किसान हेमराज मीणा ने बताया की समय से खाद न डाल पाने से पौधे कमजोर हो रहे हैं। अगर अभी भी खाद नहीं मिली तो पूरी फसल खराब हो जाएगी और किसान आर्थिक संकट में फंस जाएगा।ग्रामीणों ने प्रशासन व विभाग से तुरंत क्षेत्र में खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि धान की फसल इस समय निर्णायक अवस्था में है और अगर डीएपी खाद समय पर नहीं मिली तो किसानों की मेहनत पर बर्बाद हो जाएगी।

पांच दिन का दिया अल्टीमेटम
जिला परिषद सदस्य कृष्ण चन्द्र वर्मा व खरायता सरपंच बद्री लाल मीणा के नेतृत्व में संभागीय आयुक्त के नाम थानाधिकारी को ज्ञापन सौंप कर पांच दिन में खाद की किल्लत दूर करने की मांग की गई है। इसके बाद भी खाद की किल्लत दूर नहीं हुई तो बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

Published on:
24 Sept 2025 06:09 pm