बूंदी

उधारी नहीं चुकाई तो बच्चे को बनाया बंधक

साहूकार से उधार पर रुपए लेना एक जने को उस समय भारी पड़ गया जब उधार के रुपए नहीं लौटाए तो साहूकार ने उसके बेटे को ही बंधक बना लिया।
2 min read
Aug 02, 2018
If the loan is not paid, the child made hostage
उधारी नहीं चुकाई तो बच्चे को बनाया बंधक

नमाना. बूंदी. साहूकार से उधार पर रुपए लेना एक जने को उस समय भारी पड़ गया जब उधार के रुपए नहीं लौटाए तो साहूकार ने उसके बेटे को ही बंधक बना लिया।
बुधवार को नमाना पुलिस ने बच्चे को साहूकार से मुक्त कराया। नमाना थानाधिकारी प्रेमचंद गुर्जर ने बताया कि गुवार निवासी श्योजीलाल भील ने बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक को एक परिवाद देकर बताया कि तालेड़ा थाना क्षेत्र के खेरोली निवासी मोहनलाल मीणा से उसने दस साल पहले कुछ रुपए उधार लिए थे, जो वह नहीं लौटा पाया।

मोहनलाल आए दिन रुपयों को लेकर तकाजा करता रहा। 15 दिन पहले गांव में आकर मोहनलाल उसके बच्चे जोधराज (१३) को खेरोली ले गया और कहा कि जब तक रुपए नहीं देगा तब तक बच्चा मेरे पास रहेगा।

पुलिस अधीक्षक ने परिवाद के आधार पर नमाना थानाधिकारी को जांच के आदेश दिए थे। बुधवार को थाना अधिकारी की अगुवाई में पुलिस टीम खेरोली गांव पहुंंची तो वहां जोधराज, मोहनलाल के मकान में घरेलू काम करता मिला। पुलिस ने बालक को मुक्त करा कर परिजनों को सौंप दिया। थानाधिकारी ने बताया कि मोहनलाल की तलाश की जा रही है।

कार व बाइक भिड़ंत में तीन युवक घायल
नैनवां. नैनवां-देवली मार्ग पर हनुवंतपुरा गांव के पास बुधवार को कार व बाइक की भिड़ंत में तीन युवक घायल हो गए। दो घायलों के चोटें अधिक होने से प्राथमिक उपचार के बाद टोंक रैफर कर दिया। पुलिस के अनुसार उगैन गांव निवासी रतिराम (२५), देशराज और भीमगंज गांव निवासी ग्यारसीलाल (३०) बाइक से नैनवां की ओर आ रहे थे।

हनुवंतपुरा गांव के पास सामने से आ रही कार से बाइक की जोरदार भिंडत हो गई। जिसमें बाइक पर सवार तीनों युवक घायल हो गए। घायलों को एम्बुलेंस से उपचार के लिए नैनवां चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल रतिराम व ग्यारसीलाल को टोंक रैफर किया है।

Updated on:
02 Aug 2018 03:31 pm
Published on:
02 Aug 2018 03:31 pm