
बूंदी/ हिंडोली। हिंडोली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चतरगंज के गांव अकलोड में सोमवार को एक पागल व्यक्ति ने एक बाइक को रोककर उसमें आग लगा दी, जिससे पूरी बाइक जलकर खाक हो गई। हिंडोली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पागल को पकड़ लिया है।
उधर, जिले के भंडेड़ा क्षेत्र के रानीपुरा गांव में मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। बीते डेढ़ महीने में पांच जनों की मौत हो चुकी है। फिर भी चिकित्सा विभाग टस से मस नहीं हो रहा है। चार दिन से कोटा के निजी अस्पताल में भर्ती रानीपुरा निवासी राजवीर गुर्जर को गंभीर हाल में रविवार को जयपुर रैफर करना पड़ा। चिकित्सक ने गुर्जर के स्क्रब टायफस पॉजीटिव बताया है। युवक की हालत में सुधार नहीं होने से परिजनों को चिंता सताती जा रही है। गांव में फैल रही बीमारी को नियंत्रित करने के चिकित्सा विभाग के प्रयास नजर नहीं आ रहे हैं। जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
केस-1
ग्रामीणों के अनुसार बालिका अंतिमा बैरवा को सात दिन पहले बुखार आया था। गांव में ही प्राथमिक उपचार कराया, लेकिन तबीयत बिगड़ गई। परिजन बूंदी उपचार के लिए लेकर गए, जहां हालत गंभीर होने पर कोटा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान तीन दिन पहले मौत हो गई।
केस-2
गीता बाई गुर्जर के बुखार आने पर परिजनों ने गांव में ही प्राथमिक उपचार करवाया। हालत अधिक खराब होने पर उपचार के लिए कोटा में भर्ती करवाया। निजी अस्पताल में राहत नहीं मिलने पर परिजन उसे उपचार के लिए जयपुर ले गए। जहां पर रोगी की बीस दिन पहले उपचार के दौरान जयपुर में ही मौत हो गई। चिकित्सक ने मौत का कारण स्क्रब टायफस होना बताया था।
केस-3
शोजीलाल धोबी की पंद्रह दिन पहले बुखार से तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उपचार के लिए बूंउर जिला चिकित्सालय लेकर गए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस पर परिजन उसे वापस लेकर घर चले गए।