बूंदी

Rajasthan: पूर्व सरपंच चोरी करते पकड़ा गया, ग्रामीणों ने जमकर की पिटाई, फिर पुलिस को सौंपा

राजस्थान के टोंक जिले में चोरी के आरोप में पकड़े गए एक पूर्व सरपंच के साथ ग्रामीणों द्वारा की गई मारपीट और अमानवीय व्यवहार का मामला चर्चा में है। बाइक चोरी के आरोप में पकड़ने के बाद लोगों ने उसके सिर के बाल कैंची से काट दिए और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
2 min read
Jul 08, 2026
Bundi News
Bundi : चोरी के आरोप में पकड़ा गया पूर्व सरपंच (फोटो- वायरल वीडियो शॉट)

बूंदी। जिले से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। टोंक जिले के नगरफोर्ट थाना क्षेत्र के रायपुरिया गांव में चोरी के आरोप में एक पूर्व सरपंच को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की, कैंची से सिर के बाल काट दिए और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी पुलिस भी जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान बूंदी जिले के नैनवां थाना क्षेत्र के बामन गांव निवासी 30 वर्षीय अनिल वाल्मीकि के रूप में हुई है। वह वर्ष 2015 से 2020 तक बामन गांव का सरपंच रह चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच पद का कार्यकाल समाप्त होने के बाद वह लगातार चोरी की वारदातों में शामिल रहा है और कई बार पकड़ा भी जा चुका है।

बाइक चोरी करते पकड़ाया

बताया जा रहा है कि घटना 5 जुलाई की है। रायपुरिया गांव में एक मकान से बाइक चोरी करने की कोशिश के दौरान ग्रामीणों ने अनिल वाल्मीकि को मौके पर ही पकड़ लिया। पहले लोगों ने उससे पूछताछ की, लेकिन चोरी का संदेह पुख्ता होने पर भीड़ का गुस्सा भड़क गया। इसके बाद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और कथित तौर पर उसके कपड़े उतरवाकर कैंची से सिर के बाल काट दिए।

घटना की सूचना मिलने पर नगरफोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

यह वीडियो भी देखें :

वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने भी इसकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि वायरल वीडियो में किसी प्रकार की कानून व्यवस्था का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी कई बार पकड़ा जा चुका है

स्थानीय लोगों के अनुसार यह पहला मामला नहीं है। करीब एक वर्ष पहले भी अनिल वाल्मीकि को रघुनाथगंज क्षेत्र में चोरी करते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद उस पर बम्बूली गांव के दो मकानों से मोबाइल चोरी करने का भी आरोप लगा। ग्रामीणों ने पीछा कर उसे टोंक क्षेत्र में पकड़ लिया था और चोरी के मोबाइल बरामद कर पुलिस के हवाले कर दिया था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बटनदार चाकू भी मिला था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में जमानत मिलने के बाद वह फिर से चोरी की घटनाओं में सक्रिय हो गया।

कुछ समय पहले बूंदी जिले के नैनवां क्षेत्र के कोलाहेड़ा गांव में भी उसे चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। उस समय भी लोगों ने उसे रस्सियों से बांधकर पीटा था।

पुलिस ने क्या कहा

नगरफोर्ट थाना अधिकारी बाबूलाल मीणा ने बताया कि यह मामला 5 जुलाई का है। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं थाना प्रभारी ओमप्रकाश सैनी ने बताया कि आरोपी के पास से धारदार हथियार भी मिला था और उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। वायरल वीडियो के संबंध में फिलहाल जांच की जा रही है। दूसरी ओर नैनवां थाना प्रभारी सहदेव सिंह मीणा ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यदि किसी ने कानून हाथ में लिया है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
08 Jul 2026 04:26 pm
Published on:
08 Jul 2026 04:21 pm