बूंदी

Bundi News : 28 करोड़ के कुबेर से लेकर 30 हजार की संपत्ति वाले मिस्त्री तक ठोक रहे ताल

गांव की सरकार बनाने के लिए जिला परिषद चुनाव में इस बार मुकाबला दिलचस्प हो गया है। बूंदी जिला परिषद की 27 सीटों पर 72 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनकी संपत्ति, शैक्षणिक योग्यता और पेशे पर नजर डालें तो चुनावी तस्वीर के कई दिलचस्प पहलू सामने आते हैं। कोई 28 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति का मालिक है तो कोई महज 30 हजार रुपए की पूंजी के साथ चुनावी मैदान में उतरा है। प्रत्याशियों की सूची में करोड़पति कारोबारी से लेकर मिस्त्री, गृहिणी, किसान और वकील तक शामिल हैं।
3 min read
• •
Updated: 25 Oct 2026, 12:01 PM IST
several interesting aspects of the electoral landscape
बूंदी जिला कलक्ट्रेट

बूंदी. गांव की सरकार बनाने के लिए जिला परिषद चुनाव में इस बार मुकाबला दिलचस्प हो गया है। बूंदी जिला परिषद की 27 सीटों पर 72 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनकी संपत्ति, शैक्षणिक योग्यता और पेशे पर नजर डालें तो चुनावी तस्वीर के कई दिलचस्प पहलू सामने आते हैं। कोई 28 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति का मालिक है तो कोई महज 30 हजार रुपए की पूंजी के साथ चुनावी मैदान में उतरा है। प्रत्याशियों की सूची में करोड़पति कारोबारी से लेकर मिस्त्री, गृहिणी, किसान और वकील तक शामिल हैं। निर्वाचन विभाग की ओर से जारी प्रत्याशियों के शपथ पत्रों के अनुसार, सबसे अधिक संपत्ति वार्ड 17 से कांग्रेस प्रत्याशी शिव प्रसाद मीणा के पास है,जो पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रामनारायण मीणा के पुत्र है। इनकी कुल संपत्ति 28.45 करोड़ रुपए दर्शाई गई है।

वे बीए-एलएलबी हैं और खेती तथा बिजनेस से जुड़े हैं। दूसरे स्थान पर वार्ड 20 से भाजपा प्रत्याशी मनीष कुमार सैनी हैं। दसवीं पास मनीष की संपत्ति 17.84 करोड़ रुपए बताई गई है। वहीं, वार्ड 23 से कांग्रेस प्रत्याशी संतोष देवी के पास 11.23 करोड़ रुपए की संपत्ति है। 61 वर्षीय संतोष देवी ग्रेजुएट हैं। एक और उल्लेखनीय पहलू यह है कि निर्वाचन विभाग की सूची में किसी भी प्रत्याशी के खिलाफ आपराधिक मामलों का विवरण दर्ज नहीं है।

30 हजार की संपत्ति वाली प्रत्याशी भी मैदान में

चुनावी मैदान में सबसे कम संपत्ति वाले प्रत्याशी भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वार्ड 1 से भाजपा प्रत्याशी प्रियंका कुमारी की घोषित संपत्ति महज 30 हजार रुपए है। वे बीएससी-बीएड हैं और निजी नौकरी करती हैं। वार्ड 27 से भाजपा प्रत्याशी मुकेश कुमार मेघवाल के पास 35 हजार रुपए की संपत्ति है। उनका पेशा मिस्त्री का है। करोड़ों की संपत्ति वाले प्रत्याशियों के बीच उनकी मौजूदगी चुनाव को दिलचस्प बनाती है।

निरक्षर गृहिणी से एलएलबी तक

शैक्षणिक योग्यता के मामले में भी प्रत्याशियों की पृष्ठभूमि अलग-अलग है। वार्ड 15 की काली बाई निरक्षर हैं। वे गृहिणी होने के साथ खेती भी करती हैं। उनकी संपत्ति 46.20 लाख रुपए बताई गई है। वहीं, वार्ड 16 के चंद्रप्रकाश एमकॉम और एलएलबी हैं। उनकी संपत्ति 22.50 लाख रुपए है। वार्ड 13 की ललिता बाई दसवीं पास नहीं हैं, जबकि वार्ड 27 के नाथूलाल और वार्ड 11 की सुनीता आठवीं पास हैं। दूसरी ओर, वार्ड 2 के अजय गुर्जर बीए-एलएलबी हैं और वार्ड 14 के महेंद्र कुमार भी एलएलबी हैं।

इनके बीच बड़ा अंतर

वार्ड 22 में संपत्ति के लिहाज से प्रत्याशियों के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है। यहां भाजपा के ओमप्रकाश गुर्जर की संपत्ति 6.59 करोड़ रुपए है, जबकि कांग्रेस के हर्ष धाभाई के पास 64.69 लाख और बसपा के दयाराम वर्मा के पास 3.67 लाख रुपए की संपत्ति है।

वार्ड 24 में महिला प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

वार्ड 24 में भी संपत्ति के आंकड़े ध्यान खींचते हैं। यहां आशा मीणा की घोषित संपत्ति 7.90 करोड़ रुपए है। दूसरी ओर, विजय लक्ष्मी मीणा के पास 10.75 लाख रुपए की संपत्ति है। इसी वार्ड में मंशोर की संपत्ति 30 लाख और वसुंधरा की 37.20 लाख रुपए बताई गई है।

वार्ड 27 में मिस्त्री के सामने करोड़पति प्रत्याशी

वार्ड 27 में संपत्ति के लिहाज से मुकाबला और भी दिलचस्प है। यहां मुकेश कुमार मेघवाल की संपत्ति महज 35 हजार रुपए है। उनके सामने 1.85 करोड़ रुपए की संपत्ति वाले सतीश और नाथूलाल हैं, जिनकी संपत्ति 31.67 लाख रुपए बताई गई है। पप्पू लाल की संपत्ति 39.02 लाख, महावीर प्रसाद 5.15 लाख, सत्यनारायण 6.30 लाख रुपए दर्शाई गई है।

एक लाख से एक करोड़ के बीच सम्पत्ति

जिला परिषद चुनाव में उतर रहे 72 प्रत्याशियों में 16 ऐसे हैं, जिनकी घोषित संपत्ति एक करोड़ रुपए से अधिक है। इनमें वार्ड 24 की आशा मीणा 7.90 करोड़, वार्ड 22 के ओमप्रकाश गुर्जर 6.59 करोड़ और वार्ड 18 के बाबूलाल 5.55 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ प्रमुख नाम हैं। इसी तरह वार्ड 2 के अजय गुर्जर की संपत्ति 3.15 करोड़ रुपए है। वार्ड 18 के सुरेंद्र और वार्ड 16 के महेंद्र के पास 2.53-2.53 करोड़ रुपए की संपत्ति है। वार्ड 16 के शरीफ मोहम्मद की संपत्ति 2.41 करोड़ रुपए बताई गई है। दूसरी ओर, 50 प्रत्याशियों की संपत्ति एक लाख से एक करोड़ रुपए के बीच है। इनमें वार्ड 12 के रामराज मीणा की संपत्ति 33.65 लाख, वार्ड 8 के उच्छब लाल की 31.34 लाख और वार्ड 10 की अनीता गोचर की 29.39 लाख रुपए है।

Updated on:
25 Oct 2026, 12:01 PM IST
Published on: