पुलिस परेड़ ग्राउंड में रविवार को तीन दिवसीय 32वीं अंतर जिला (रेंज स्तरीय) पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में रेंज भर के पुलिसकर्मियों ने मैदान में अपना कौशल दिखाया। टीमें यहां मैदान में जीत को लेकर उत्साहित दिखी और जोश से भरपुर होकर हिस्सा लिया,
बूंदी. पुलिस परेड़ ग्राउंड में रविवार को तीन दिवसीय 32वीं अंतर जिला (रेंज स्तरीय) पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में रेंज भर के पुलिसकर्मियों ने मैदान में अपना कौशल दिखाया। टीमें यहां मैदान में जीत को लेकर उत्साहित दिखी और जोश से भरपुर होकर हिस्सा लिया, जहां शांति के प्रतीक गुब्बारे और तिरंगी छटा के साथ खेल भावना का प्रदर्शन किया गया। कोटा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद गोयल ने ध्वजारोहण कर श्वेत कबूतर और गुब्बारे उड़ाकर शांति, सद्भाव और खेल भावना का संदेश दिया। इसके बाद मार्च पास्ट की सलामी लेकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। प्रतियोगिता में हाड़ौती भर से टीमे भाग ले रही है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विभिन्न जिलों से आई पुलिस टीमों द्वारा आकर्षक एवं अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट समन्वय, अनुशासन एवं जोश का परिचय दिया। मुख्य अतिथि द्वारा मार्च पास्ट की सलामी ली गई तथा सभी दलों के प्रदर्शन की सराहना की गई। इसके बाद आईजी गोयल, पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा समेत हाड़ौती भर से आए पुलिस अधिकारियों ने खिलाडिय़ों से परिचय लिया और हौंसला अफजाई की। मैदान में दिनभर खिलाडिय़ों के बीच स्पर्धाओं का दौर जारी रहा।
उद्घाटन मैच में ही बूंदी की टीम ने दर्ज की जीत
प्रतियोगिता में पांच जिले की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ बूंदी एवं बारां जिलों के मध्य खेले गए रोमांचक फुटबॉल मैच के साथ हुआ, जिसमें दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक उत्साह का प्रदर्शन किया। मुकाबले में बूंदी टीम ने बारां टीम को 1-4 से हराकर जीत दर्ज की। तीन दिनों तक चलने वाली खेलकूद प्रतियोगिता में फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें रेंज के सभी जिलों से आए पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भाग ले रहे हैं।
खेल शारीरिक दक्षता को बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच
आईजी ने अपने सम्बोधन में खिलाडिय़ों का हौंसला बढ़ाते हुए कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं पुलिस बल के लिए केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी समन्वय, टीम भावना, अनुशासन एवं शारीरिक दक्षता को बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच हैं। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ एवं फिट पुलिस बल ही समाज में प्रभावी कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्षम होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने, अनुशासन बनाए रखने एवं आपसी भाईचारे को सु²ढ़ करने का संदेश दिया।