बुरहानपुर

व्यापारी कल्याण बोर्ड से लेकर कपास ड्यूटी तक, बुरहानपुर में सीएम मोहन यादव के बड़े संकेत

Burhanpur Industrial Development: सीएम मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार कपास को ड्यूटी फ्री करने का भी प्रयास कर रही है। यहां पढ़ें विस्तार से...।

2 min read
बुरहानपुर में बुधवार को उद्योगपतियों और व्यापारियों के साथ संवाद करते सीएम मोहन यादव।

Burhanpur Industrial Development: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को कहा है कि हमारी सरकार व्यापारियों के साथ खड़ी है। उनकी सभी समस्या को दूर किया जाएगा। फिनिक्स पक्षी मरने के बाद फिर जिंदा होकर ऊंची उड़ान भरता है, वैसे ही हमारे उद्योगपति भी संघर्ष-चुनौतियों का सामना कर नई उड़ान भरते हैं। सीएम ने कहा कि अब यह उड़ान और ऊंची जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को बुरहानपुर (burhanpur) में थे। उन्होंने शहर के परमानंद गोविंदजीवाला सभागृह में उद्योगपतियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कपास को ड्यूटी फ्री करने का भी प्रयास कर रही है। इसके अलावा उन्होंने उद्योगपतियों के लिए एक नए मार्ग की भी घोषणा की।

ये भी पढ़ें

‘मैं कहीं भी हेलीकॉप्टर उतार सकता हूं…’ उज्जैन में अचानक पहुंचे CM मोहन यादव, मचा हड़कंप

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (dr mohan yadav) ने कहा कि हम अपनी उद्यमिता से हर नगर और हर प्रांत को आर्थिक मजबूत करेंगे। जिस वक्त दुनिया में लोगों को खाने के-पहनने के लाले पड़ रहे थे, उस वक्त भारत ने अपनी उद्यमिता से दुनिया की आर्थिक परिस्थिति में 33 फीसदी योगदान दिया। भारत ने मसाले-रेशम-धातुओं का व्यापार कर आर्थिक मजबूती प्राप्त की। सोने की खदान भी भारत में थी। पश्चिमी आंकलन के अनुसार प्राचीन काल में वैश्विक व्यापार व्यवसाय में भारत का योगदान 33% था, जो अंग्रेजों के जाने के बाद घटकर मात्र तीन प्रतिशत रह गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे और आपके बीच कमिटमेंट है-व्यवहार है। उस व्यवहार पर हमें खरा उतरना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में सरकार बनने के तीन महीने के अंदर जनता के जन-धन खाते खुलवाए। इससे उनका लोगों के पास सीधा धन पहुंचाने का संकल्प पूरा हुआ। इससे पूरे देश की इकॉनोमी बदल गई। सभी को अपना हक मिला। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार दिन-रात जन कल्याण के लिए काम कर रही है। इसलिए हमने साल 2025 को उद्योग वर्ष और 2026 को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया है।

विकास का द्वार है बुरहानपुर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमने कल ही कैबिनेट में व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन पास किया है। यह बोर्ड जिला स्तर तक आएगा। इससे पहले हमने विकास समितियां भी बनाई थीं। भविष्य में हम निमाड़ इंवेस्टर्स समिट करेंगे। हमने व्यापारियों के लिए कई तरह के औचित्यहीन कानूनों को खत्म किया। बिजली को लेकर भी दो-तीन विभागों के बीच तालमेल चल रहा है। हम कपास पर लगने वाली ड्यूटी को समाप्त करने का प्रयास कर रहे हैं। व्यापारियों के लिए नया पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे दक्षिण का द्वार बुरहानपुर विकास का द्वार है। जिला भले ही छोटा, लेकिन लोग बड़े हैं। यहां उद्योगों को लेकर चारों तरफ एक अलग माहौल है। हमारी सरकार व्यापारियों के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

किसानों की आय बढ़ाना लक्ष्य

उद्योगपतियों से संवाद के बाद डॉ. यादव ने मीडिया से कहा कि आज मैं बुरहानपुर के दौरे पर आया हूं। बुरहानपुर में हमारी सरकार किसान कल्याण वर्ष के रूप में किसानों की आय बढ़ाने के साथ उद्योग और रोजगार पर भी महत्व दे रही है। हमारा प्रयास है कि उद्योग, व्यापार और व्यवसाय बढ़े जिससे प्रदेश और देश आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के 200 से ज्यादा विधायक बने हैं, ऐसे में विधायकों के माध्यम से 9 मई को सरकार बनते आप और हम देखेंगे।

ये भी पढ़ें

बंगाल नतीजों पर गरजे मोहन यादव- कंस की तरह घुसपैठिए बुलाए, जनता ने कर दिया पूरा हिसाब
Published on:
06 May 2026 02:12 pm
Also Read
View All