कारोबार

‘उन्होंने हमारी नकल की’, iPhone Duo पर Samsung का तंज, Duolingo ने दिया करारा जवाब, सोशल मीडिया पर छिड़ी मजेदार जंग

Samsung Viral Post: एपल के पहले फोल्डेबल iPhone Duo की लॉन्चिंग के बाद सैमसंग ने सोशल मीडिया पर एपल पर तंज कसा। सैमसंग ने फोन के फोल्डेबल डिजाइन और डुओ नाम को लेकर मजाक किया। इस बातचीत में डुओलिंगो भी शामिल हो गया और दोनों कंपनियों के बीच मजेदार नोकझोंक वायरल हो गई।
2 min read
Sep 10, 2026
Apple Vs Samsung
सैमसंग ने एपल पर तंज मारा है। (PC: AI)

Apple Vs Samsung: एपल के पहले फोल्डेबल iPhone Duo की लॉन्चिंग सिर्फ टेक्नोलॉजी की दुनिया तक सीमित नहीं रही। फोन के बाजार में उतरते ही सोशल मीडिया पर Samsung और Duolingo के बीच ऐसी नोकझोंक शुरू हो गई, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया। कुछ ही पोस्ट के बाद यह मामला वायरल हो गया और एक्स पर लाखों व्यूज बटोरने लगा। मामला तब शुरू हुआ जब सैमसंग ने एपल के नए फोल्डेबल फोन को लेकर तंज कसा। सैमसंग का इशारा साफ था कि फोल्डेबल फोन का डिजाइन कोई नई बात नहीं है, क्योंकि कंपनी कई साल से गैलेक्सी Z सीरीज के तहत ऐसे फोन बेच रही है।

सैमसंग ने Duolingo को भी बातचीत में घसीट लिया

एपल के आईफोन डुओ नाम को लेकर सैमसंग ने लैंग्वेज लर्निंग प्लेटफॉर्म Duolingo को भी निशाने पर ले लिया। सैमसंग मोबाइल यूएस ने एक्स पर लिखा कि एपल ने न सिर्फ उसकी तकनीक की नकल की है, बल्कि डुओलिंगो के नाम से भी मिलती-जुलती चीज अपना ली है। सैमसंग ने मजाकिया अंदाज में डुओलिंगो को टैग करते हुए कहा कि एपल ने उनकी भी नकल की है और इस मामले में दोनों को एक-दूसरे का साथ देना चाहिए।

Duolingo ने दिया करारा जवाब

सैमसंग की पोस्ट पर डुओलिंगो ने जवाब देने में देर नहीं लगाई। कंपनी ने सैमसंग को ही निशाने पर लेते हुए ऐसा जवाब दिया, जिसने इस पूरे मामले को और मजेदार बना दिया। डुओलिंगो ने सैमसंग को लेकर टिप्पणी की- जब कोई अनजान और अग्ली (खराब दिखने वाला व्यक्ति) खुद को आपका जुड़वां बताने लगे तो कैसा लगता है। सैमसंग ने भी पलटवार करते हुए पूछा, " अग्ली?? अपनी भाषा को संभालो…."।

इसके बाद डुओलिंगो ने भी मजाक जारी रखा और सैमसंग से कहा कि उस समय जोश में ऐसा कह दिया, लेकिन उनके फोन में उसका ऐप खराब न किया जाए। इस पूरी बातचीत ने एपल के आईफोन डुओ की लॉन्चिंग के बीच एक अलग ही सोशल मीडिया स्टोरी खड़ी कर दी।

एपल और सैमसंग हैं पुराने प्रतिद्वंद्वी

सैमसंग और एपल के बीच स्मार्टफोन बाजार में मुकाबला कोई नया नहीं है। दोनों कंपनियां लंबे समय से एक-दूसरे के प्रोडक्ट और फीचर्स पर सोशल मीडिया और विज्ञापनों के जरिए तंज कसती रही हैं। सैमसंग पहले भी एपल पर गैलेक्सी फोन में पहले से मौजूद फीचर्स को बाद में आईफोन में शामिल करने का आरोप लगाता रहा है। अब फोल्डेबल आईफोन की एंट्री ने कंपनी को एपल पर निशाना साधने का एक और मौका दे दिया।

सैमसंग ने एपल पर फिर कसा तंज

डुओलिंगो के साथ मजाकिया बातचीत के बाद सैमसंग ने एपल को सीधे निशाने पर लेते हुए एक और पोस्ट किया। कंपनी ने तंज कसते हुए कहा कि जब एपल उनके पुराने आइडिया को दोबारा इस्तेमाल करना बंद कर दे, तब उसे बताए। सैमसंग ने एक अन्य पोस्ट में फोन के बेडसाइड क्लॉक जैसे फीचर पर भी मजाक किया और कहा कि यह सब कुछ पहले देखा हुआ सा लग रहा है। कंपनी ने यह भी इशारा किया कि जहां एपल एक नए फोल्डेबल फोन के साथ बाजार में उतरा है, वहीं सैमसंग पहले से कई तरह के फोल्डिंग डिजाइन वाले फोन पेश कर रहा है।

इस तरह आईफोन डुओ की लॉन्चिंग ने सिर्फ एपल के नए प्रोडक्ट को चर्चा में नहीं ला दिया, बल्कि टेक कंपनियों के बीच सोशल मीडिया की पुरानी 'नोकझोंक' को भी फिर से सुर्खियों में ला दिया।

Updated on:
10 Sept 2026 12:10 pm
Published on:
10 Sept 2026 12:06 pm