
EPFO Service Upgrade: अगर आप EPFO के ऑनलाइन पोर्टल पर पीएफ क्लेम करना, पासबुक डाउनलोड करना या क्लेम का स्टेटस देखना चाहते हैं, तो आपको अभी एक दिन और इंतजार करना होगा। एम्प्लॉइज प्रोविडेंट फंड ऑर्गनाइजेशन (EPFO) ने अपनी ऑनलाइन मेंबर और एम्प्लॉयर सेवाएं 1 जुलाई की रात 11:59 बजे तक बंद रखने का फैसला किया है। क्लेम प्रोसेसिंग सिस्टम के डेटाबेस और सॉफ्टवेयर अपग्रेड के कारण पोर्टल की सेवाएं बंद की गई हैं।
EPFO ने अपनी वेबसाइट पर जारी नोटिस में बताया है कि ऑनलाइन सेवाओं को फिर से शुरु करने की सीमा एक दिन और बढ़ा दी गई है। पहले सेवाएं 1 जुलाई से शुरू होने वाली थीं, लेकिन अब इन्हें 2 जुलाई 2026 को रात 12 बजे से चालू करने की योजना है। इस दौरान मेंबर और एम्प्लॉयर दोनों ऑनलाइन पोर्टल का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।
इससे पहले EPFO ने 28 जून तक सेवाएं बंद रखने की घोषणा की थी और 29 जून से बहाल करने की योजना बनाई थी। बाद में यह लिमिट बढ़ाकर 30 जून कर दी गई और सेवाएं 1 जुलाई से शुरू होने की बात कही गई। अब तीसरी बार समय बढ़ाते हुए सेवाओं की बहाली 2 जुलाई तक टाल दी गई है। UMANG ऐप के जरिए चेक करने पर भी EPFO की सेवाएं उपलब्ध नहीं थीं। ऐप पर भी सेवाएं 2 जुलाई से शुरू होने का नोटिफिकेशन दिखा।
मेंटेनेंस के दौरान मेंबर इंटरफेस और एम्प्लॉयर इंटरफेस पूरी तरह बंद हैं। इसकी वजह से ऑनलाइन पीएफ क्लेम जमा करना, पासबुक डाउनलोड करना, क्लेम का स्टेटस देखना, पीएफ ट्रांसफर की रिक्वेस्ट करना, प्रोफाइल और पर्सनल जानकारी अपडेट करना जैसी सभी ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। UMANG ऐप के जरिए मिलने वाली संबंधित डिजिटल सेवाएं भी प्रभावित हैं। वहीं, एम्पलॉयर भी पोर्टल से जुड़े रेगुलर काम ऑनलाइन नहीं कर पा रहे हैं।
EPFO का कहना है कि यह तकनीकी अपग्रेड पूरा होने के बाद ऑनलाइन सेवाएं पहले से ज्यादा तेज, सिक्योर और भरोसेमंद होंगी। इससे क्लेम प्रोसेसिंग की क्षमता बढ़ेगी और सदस्यों को बेहतर सुविधा मिलेगा। जो सदस्य इस दौरान पीएफ क्लेम दाखिल नहीं कर पाए, पासबुक डाउनलोड नहीं कर सके या अन्य ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग नहीं कर पाए, वे अपग्रेड पूरा होने के बाद दोबारा इन सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे।