कारोबार

FD Calculator: FD की ब्याज दर में 1% का फर्क भी करा सकता है लाखों रुपये का नुकसान, इस कैलकुलेशन से समझिए पूरा हिसाब

FD Interest Rate: अगर आप 11 लाख रुपये की FD पांच साल के लिए कराते हैं, तो 6 फीसदी ब्याज पर करीब 14.81 लाख, 7 फीसदी पर 15.56 लाख और 8 फीसदी पर 16.34 लाख रुपये मिल सकते हैं।
3 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 5:08 PM IST
FD Calculator
एफडी में कंपाउंडिंग का फायदा मिलता है। (PC: AI)

बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) कराने से पहले यह समझना जरूरी है कि अलग-अलग ब्याज दरों पर मैच्योरिटी के समय आपके हाथ में कितनी रकम आएगी। खासकर जब निवेश की रकम लाखों में हो और अवधि 5 साल की हो, तब ब्याज दर में 1 फीसदी का अंतर भी हजारों रुपये का फायदा या नुकसान करा सकता है। मान लीजिए आप बैंक में 11 लाख रुपये की FD कराते हैं। अगर अलग-अलग बैंक 6 फीसदी, 7 फीसदी या 8 फीसदी सालाना ब्याज देते हैं, तो पांच साल बाद आपको कितनी रकम मिलेगी? किस ब्याज दर पर सबसे ज्यादा मुनाफा होगा? आइए आसान कैलकुलेशन से समझते हैं।

11 लाख की FD पर 6% ब्याज मिलने पर कितना बनेगा फंड?

अगर आप 11 लाख रुपये की FD पांच साल के लिए कराते हैं और बैंक सालाना 6 फीसदी ब्याज देता है, तो मैच्योरिटी पर आपको करीब 14,81,541 रुपये मिलेंगे। इसमें आपकी मूल जमा रकम 11 लाख रुपये होगी, जबकि करीब 3,81,541 रुपये ब्याज से कमाई होगी। यह कैलकुलेशन तिमाही चक्रवृद्धि ब्याज यानी क्वार्टरली कंपाउंडिंग के आधार पर किया गया है।

7% ब्याज पर 5 साल में कितनी होगी कमाई?

अब मान लीजिए आपको बैंक एफडी पर 7 फीसदी सालाना ब्याज दे रहा है। ऐसे में 11 लाख रुपये का निवेश पांच साल में बढ़कर करीब 15,56,256 रुपये हो जाएगा। इसमें आपको लगभग 4,56,256 रुपये ब्याज मिलेगा। अगर 6 फीसदी ब्याज वाली एफडी से इसकी तुलना करें, तो 7 फीसदी ब्याज मिलने पर आपको करीब 74,715 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। यानी ब्याज दर में सिर्फ 1 फीसदी का अंतर भी 5 साल में आपकी कमाई पर बड़ा असर डाल सकता है।

8% ब्याज पर 11 लाख रुपये की FD से कितना मिलेगा रिटर्न?

अगर कोई बैंक पांच साल की एफडी पर 8 फीसदी सालाना ब्याज ऑफर करता है, तो आपकी कमाई और बढ़ जाएगी। 11 लाख रुपये की जमा राशि तिमाही कंपाउंडिंग के हिसाब से पांच साल बाद करीब 16,34,542 रुपये हो जाएगी। इसमें 5,34,542 रुपये ब्याज के रूप में मिलेंगे। 6 फीसदी ब्याज वाली एफडी के मुकाबले 8 फीसदी ब्याज मिलने पर आपको करीब 1.53 लाख रुपये ज्यादा मिलेंगे।

सालाना ब्याज दरकुल जमा रकममैच्योरिटी पर रकमकुल ब्याज
6%₹11,00,000₹14,81,541₹3,81,541
7%₹11,00,000₹15,56,256₹4,56,256
8%₹11,00,000₹16,34,542₹5,34,542

FD में कंपाउंडिंग से कैसे बढ़ता है आपका पैसा?

एफडी में कंपाउंडिंग का मतलब है कि आपको सिर्फ शुरुआती जमा रकम पर ही ब्याज नहीं मिलता, बल्कि पहले से मिले ब्याज पर भी ब्याज मिलता है। उदाहरण के लिए, अगर आपने क्युमुलेटिव एफडी में पैसा लगाया है, तो हर तिमाही मिलने वाला ब्याज आपकी मूल जमा राशि में जुड़ जाता है। अगली तिमाही में ब्याज की गणना बढ़ी हुई रकम पर होती है। यह प्रक्रिया मैच्योरिटी तक चलती रहती है। इसी वजह से लंबे समय के निवेश में कंपाउंडिंग का फायदा ज्यादा दिखाई देता है। क्युमुलेटिव एफडी में ब्याज जमा होता रहता है और मैच्योरिटी पर मूलधन के साथ मिलता है। वहीं, नॉन-क्युमुलेटिव एफडी में निवेशक को तय अंतराल पर ब्याज का भुगतान किया जाता है।

FD से मिलने वाले ब्याज पर कितना देना होगा टैक्स?

बैंक एफडी से मिलने वाला ब्याज पूरी तरह टैक्स फ्री नहीं होता। इस पर निवेशक की लागू इनकम टैक्स स्लैब के हिसाब से टैक्स देना पड़ता है। बैंक की ओर से TDS काटने के नियम भी लागू होते हैं। सामान्य तौर पर गैर-वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक वित्त वर्ष में एफडी पर ब्याज 50,000 रुपये से ज्यादा होने पर TDS कट सकता है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह सीमा 1 लाख रुपये है। ध्यान रखें कि ये TDS की सीमाएं हैं, टैक्स से छूट की सीमा नहीं। अगर बैंक ने आपका टीडीएस नहीं काटा है, तब भी एफडी से मिलने वाला ब्याज आपकी कुल टैक्स योग्य आय में शामिल हो सकता है।

Updated on:
28 Nov 2026, 5:08 PM IST
Published on: