कारोबार

Gold Price: सिर्फ 18 दिन में 10,000 रुपये सस्ता हुआ सोना, दिसंबर तक कितने गिरेंगे भाव? एक्सपर्ट से समझिए

Gold Price Today: सोने की कीमतों में पिछले 3 हफ्ते में बड़ी गिरावट आई है। पिछले 18 दिन में ही सोना करीब 10,000 रुपये टूट गया है। सोने की कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
2 min read
Nov 08, 2025
Gold Price Outlook
बीते तीन हफ्तों में सोने के भाव काफी गिरे हैं। (PC: Gemini/Patrika)

Gold Price Today: सोने की कीमतों में पिछले 18 दिन में जबरदस्त गिरावट आई है। वैश्विक और घरेलू दोनों बाजारों में भाव बुरी तरह टूटे हैं। एमसीएक्स एक्सचेंज पर 20 अक्टूबर को सोने का वायदा भाव 1,30,624 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं, इस हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार, 7 नवंबर को यह सोना 1,21,067 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। इस तरह सिर्फ 18 दिन में सोने का भाव 9,557 रुपये प्रति 10 ग्राम गिर गया है।

कितने गिरेंगे सोने के भाव?

लोगों के मन में यह सवाल है कि सोने के भाव और कितने गिरेंगे। जिन लोगों के घरों में आने वाले महीनों में शादियां हैं, वे भी खरीदारी की टाइमिंग को लेकर असमंजस में हैं। इस विषय पर हमने एक्सपर्ट से बात की है। केडिया एडवाइजरी के एमडी अजय केडिया ने पत्रिका डॉट कॉम को बताया, 'सोने में पिछले 3 साल से तेजी देखी जा रही थी। यह करीब 70 फीसदी महंगा हो चुका था। इस समय दुनियाभर में भू-राजनैतिक तनाव कम हुआ है। टैरिफ को लेकर टेंशन भी कम हुई है। इसलिए सोने में अभी 2 से 5 फीसदी की गिरावट और आ सकती है। अगर दुनिया में कोई नई लड़ाई नहीं हुई, तो सोने की कीमतें दिसंबर 2025 तक 1,10,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक गिर सकती हैं।'

जिनके घर में शादी है, वे कब खरीदें सोना?

अजय केडिया ने सुझाव दिया कि जिन लोगों के घर में कुछ टाइम बाद शादी होनी है, वे सोना खरीद सकते हैं, लेकिन निवेशकों को इंतजार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि निवेशक अभी के लिए इक्विटी या दूसरे मेटल्स देख सकते हैं।

कैरेटसोने का भाव (₹ प्रति 10 ग्राम)
24 कैरेट1,20,100
22 कैरेट1,17,220
20 कैरेट1,06,890
18 कैरेट97,280
14 कैरेट77,460

सोने के हाजिर भाव?

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के अनुसार, शुक्रवार को 24 कैरेट सोने का भाव 1,20,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। 22 कैरेट सोना 1,17,220 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। 20 कैरेट सोना 1,06,890 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। 18 कैरेट सोना 97,280 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। वहीं, 14 कैरेट सोना 77,460 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा।

Updated on:
08 Nov 2025 04:02 pm
Published on:
08 Nov 2025 03:29 pm
Also Read
View All