Meesho Q4 Results: मीशो ने मार्च तिमाही में घाटा घटाकर 166 करोड़ रुपये कर दिया है, जबकि कंपनी की कमाई में जोरदार बढ़त दर्ज हुई है। यूजर्स, ऑर्डर्स और कारोबार तेजी से बढ़े हैं।
Meesho Share Price: ई-कॉमर्स कंपनी मीशो ने इस बार ऐसे नतीजे पेश किए हैं, जिससे निवेशकों का फोकस कंपनी की तरफ आ गया है। कंपनी का घाटा तेजी से कम हुआ है और कारोबार में भी मजबूत बढ़त देखने को मिली है। यही वजह रही कि गुरुवार को कंपनी के शेयरों में करीब 8 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई। मीशो ने मार्च 2026 तिमाही में 166.34 करोड़ रुपये का नेट लॉस दर्ज किया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का घाटा 1,391.38 करोड़ रुपये था। यानी कंपनी ने एक साल में घाटे को काफी हद तक कम कर लिया है। दूसरी तरफ कंपनी की इनकम लगातार बढ़ती दिख रही है।
तिमाही के दौरान कंपनी की ऑपरेशंस से आय 47 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 3,531.21 करोड़ रुपये पहुंच गई। एक साल पहले यही आंकड़ा करीब 2,400 करोड़ रुपये था। हालांकि, खर्च भी बढ़े हैं और कुल खर्च बढ़कर 3,807 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। शेयर बाजार में भी इन नतीजों का असर साफ दिखा। गुरुवार को मीशो का शेयर बीएसई पर उछलकर 211.35 रुपये तक पहुंच गया।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 की बात करें तो मीशो का कुल घाटा घटकर 1,357.73 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष में कंपनी को 3,941.70 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। वहीं, कंपनी की सालाना कमाई 34 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 12,626 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई।
कंपनी के प्लेटफॉर्म पर ग्राहकों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। सालाना ट्रांजैक्टिंग यूजर्स 33 फीसदी बढ़कर 26.4 करोड़ तक पहुंच गए। वहीं, कुल ऑर्डर्स में 45 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह आंकड़ा 2.67 अरब तक पहुंच गया। कंपनी का नेट मर्चेंडाइज वैल्यू यानी NMV भी 39 फीसदी बढ़कर 41,560 करोड़ रुपये हो गया। मीशो के फाउंडर और CEO विदित आत्रेय का कहना है कि भारत का ई-कॉमर्स बाजार अभी भी शुरुआती दौर में है और इसमें आगे काफी बड़ा मौका मौजूद है। उनका मानना है कि छोटे शहरों और नए ग्राहकों की वजह से ऑनलाइन शॉपिंग सेक्टर में आने वाले समय में और तेजी देखने को मिल सकती है।
कंपनी ने अपने पेमेंट कारोबार को मजबूत करने की भी तैयारी शुरू कर दी है। बोर्ड ने मीशो पेमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड में 100 करोड़ रुपये तक निवेश को मंजूरी दी है। यह निवेश राइट्स इश्यू या अतिरिक्त पूंजी निवेश के जरिए अलग-अलग चरणों में किया जाएगा।
ब्रोकरेज हाउस JM Financial ने कंपनी के नतीजों को मजबूत बताया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी की ग्रोथ और मुनाफे की स्थिति दोनों में सुधार हुआ है। खासतौर पर ऑर्डर बढ़ने और ज्यादा ग्राहकों के जुड़ने से कारोबार को फायदा मिला है। लॉजिस्टिक्स से जुड़ी परेशानियां भी अब काफी हद तक सामान्य हो गई हैं। ब्रोकरेज का मानना है कि मौजूदा भाव पर शेयर में बहुत ज्यादा तेजी की गुंजाइश फिलहाल नहीं दिख रही।
Choice Institutional Equities का कहना है कि मीशो लगातार अपने यूजर्स और सेलर्स का दायरा बढ़ा रही है। ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी का बिजनेस मॉडल धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है और आने वाले समय में मार्जिन में और सुधार देखने को मिल सकता है। हालांकि, उसने भी माना कि फिलहाल शेयर की कीमत में काफी सकारात्मक बातें पहले से शामिल हो चुकी हैं। यही वजह है कि Choice Institutional Equities ने शेयर की रेटिंग को घटाकर ‘ADD’ कर दिया है, जबकि टारगेट प्राइस 210 रुपये पर कायम रखा है।