
भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के पहले दिन सोमवार को गिरावट के साथ खुला और शुरुआती कारोबार में भी गिरावट देखने को मिली है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स आज 133 अंक की गिरावट के साथ 72,990.04 पर खुला। शुरुआती कारोबार में सुबह 9 बजकर 35 मिनट पर यह 0.60 फीसदी या 424 अंक की गिरावट के साथ 72,676 पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, एनएसई निफ्टी इस समय 0.5 फीसदी या 112 अंक की गिरावट के साथ 22,487 पर ट्रेड करता दिखा।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स पैक के 30 शेयरों में से 4 शेयर हरे निशान पर और 26 शेयर लाल निशान पर ट्रेड करते दिखाई दिए। सबसे अधिक गिरावट एशियन पेंट, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस और एचयूएल के शेयरों में दिखी। वहीं, कोटक बैंक, अडानी पोर्ट्स, एक्सिस बैंक और सनफार्मा के शेयर हरे निशान पर ट्रेड करते दिखाई दिए।
सेक्टोरल सूचकांकों की बात करें, तो शुरुआती कारोबार में सिर्फ 4 सेक्टर्स के अलावा शेष सभी लाल निशान पर ट्रेड करते दिखे। निफ्टी ऑटो में 1.11 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी में 1.24 फीसदी, निफ्टी पीएसयू बैंक में 1.19 फीसदी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेस एक्स-बैंक में 1.35 फीसदी, निफ्टी मिडस्मॉल फाइनेंशियल सर्विसेस में 1.38 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। इससे इतर निफ्टी 500 हेल्थकेयर में 0.47 फीसदी, निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स में 0.51 फीसदी और निफ्टी फार्मा में 0.61 फीसदी की तेजी देखने को मिली।
कच्चे तेल की कीमतों में सोमवार सुबह गिरावट देखने को मिली। हालांकि, कीमतें काफी उच्च स्तर पर हैं। ब्रेंट क्रूड 1.94 फीसदी या 2.27 डॉलर की गिरावट के साथ 114.5 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, WTI क्रूड 2.18 फीसदी या 2.25 डॉलर की गिरावट के साथ 101 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करता दिखा।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)