
कर्ज लेकर निवेश करने से बचें। (PC: AI)
शेयर बाजार से रातों-रात अमीर बनने की चाहत अच्छे-भले इंसान को कर्ज के जाल में फंसा सकती हैं। शेयर बाजार में हर रोज हजारों लोग अपनी किस्मत आजमाने आते हैं, लेकिन सच तो यह है कि यहां 'किस्मत' से ज्यादा 'धीरज' और 'समझदारी' काम आती है। लोग अक्सर स्पेक्यूलेशंस के जाल में फंसकर अपना पैसा गंवा देते हैं। दूसरी तरफ जो लोग समझदारी से धैर्य के साथ निवेश करते हैं उन्हें अच्छा रिटर्न भी मिल सकता है। अगर आप भी शेयर बाजार में उतर रहे हैं, तो सबसे पहले यह समझना होगा कि शॉर्टकट के चक्कर में पड़ना यानी सीधे-सीधे जोखिम को न्योता देना है।
बाजार में दो तरह के लोग होते हैं। एक वो जो हवा का रुख देखकर दांव लगाते हैं। जिन्हें हम सट्टेबाज या स्पेक्यूलेटर कहते हैं। इनका पूरा ध्यान इस बात पर होता है कि आज क्या ऊपर गया और कल क्या नीचे आएगा। ये बाजार की अफवाहों, सोशल मीडिया के टिप्स और पल-भर में बदलने वाले ट्रेंड्स के पीछे भागते हैं। दूसरे होते हैं समझदार निवेशक। ये बाजार के शोर-शराबे से दूर रहते हैं। ये किसी कंपनी के शेयर खरीदने से पहले उसके बिजनेस को समझते हैं, देश की आर्थिक स्थिति को देखते हैं और अपने लंबे समय के लक्ष्यों को ध्यान में रखकर पैसा लगाते हैं। इनके लिए बाजार कोई लॉटरी का टिकट नहीं, बल्कि एक ऐसा जरिया है जहां वक्त के साथ पैसा बढ़ता है।
सच्चाई यह है कि अमीर बनने की जल्दबाजी में लोग अक्सर अपनी मूल पूंजी ही खो बैठते हैं। इसलिए बाजार का पहला नियम यही है कि पैसा कमाने से पहले पैसा बचाना और उसे सुरक्षित रखना सीखें। निवेश का मतलब यह नहीं है कि आपको हर बार फायदा ही होगा या आप बाजार के हर उतार-चढ़ाव को पहले से जान लेंगे। कोई भी इंसान बाजार का रुख सौ फीसदी सही नहीं बता सकता। सफल निवेश का असली राज सही फैसले लेने, जोखिम को काबू में रखने और अपने फाइनेंशियल प्लान पर टिके रहने में है।
बाजार में भले ही कितनी मजबूत कंपनी क्यों न हो, कभी-कभी वो भी उम्मीद के मुताबिक परफॉर्म नहीं कर पाती। इसीलिए समझदार लोग अपना सारा पैसा एक ही जगह लगाने की भूल नहीं करते। वे अपने निवेश को अलग-अलग जगहों जैसे शेयर, बॉन्ड्स, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और सोने में बांटकर रखते हैं, जिसे पोर्टफोलियो कहा जाता है। समय-समय पर अपने इस पोर्टफोलियो की जांच करना और इसे अपने लक्ष्यों के हिसाब से ढालना बहुत जरूरी है। लेकिन ध्यान रहे, बाजार में आई मामूली गिरावट या उतार-चढ़ाव को देखकर अपनी रणनीति को बार-बार बदलना सबसे बड़ी गलती है। आप चाहें तो किसी सर्टिफाइड फाइनेंशियल एडवाइजर की मदद ले सकते हैं।
बाजार में टिके रहने के लिए धैर्य, अनुशासन और अपनी सीमाओं को समझना बहुत जरूरी है। अगर आप बाजार से यथार्थवादी यानी हकीकत से जुड़े रिटर्न की उम्मीद रखेंगे, तो समय के साथ आपकी संपत्ति धीरे-धीरे ही सही, लेकिन सुरक्षित तरीके से बढ़ सकती है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Updated on:
24 Oct 2026, 5:27 PM IST
Published on:
24 Oct 2026, 5:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.