कारोबार

Elon Musk बना रहे धरती का सबसे बड़ा रॉकेट लॉन्च साइट, हर रोज 30 रॉकेट भरेंगे उड़ान, 3000 नौकरियां भी मिलेंगी

SpaceX New Project: SpaceX ने लुइसियाना में स्पेसपोर्ट बनाने के लिए 100 अरब डॉलर के निवेश का ऐलान किया है। यह दुनिया का सबसे बड़ा स्पेसपोर्ट हो सकता है। जिसमें एक दर्जन से ज्यादा लॉन्च टावर होंगे और यहां से रोजाना 30 से ज्यादा स्टारशिप उड़ानें भरी जा सकेंगी। इसका निर्माण 2027 में शुरू होगा और पहला लॉन्च 2029 में होने की उम्मीद है।
2 min read
Aug 26, 2026
SpaceX Starbase Louisiana
एलन मस्क बना रहे स्पेसपोर्ट (फोटो: X Post/ @SpaceX)

SpaceX News: एलन मस्क की कंपनी SpaceX अब ऐसा स्पेसपोर्ट बनाने की तैयारी में है, जहां भविष्य में एक दिन में 30 से ज्यादा स्टारशिप (Starship) रॉकेट उड़ान भर सकेंगे। अमेरिका के लुइसियाना में बनने वाले इस प्रोजेक्ट पर कंपनी करीब 100 अरब डॉलर खर्च करेगी और मस्क के मुताबिक यह धरती का सबसे बड़ा रॉकेट लॉन्च साइट बन सकता है। कंपनी के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट से 3,000 से ज्यादा नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। इसका मकसद स्टारशिप के जरिए अंतरिक्ष में बड़े पैमाने पर मिशन को संभव बनाना है।

1.25 लाख एकड़ में फैलेगा प्रोजेक्ट

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रस्तावित स्पेसपोर्ट लुइसियाना के दक्षिणी तट पर वर्मिलियन पैरिश में एक्सॉन की पुरानी जमीन पर बनाया जाएगा। इसका क्षेत्रफल करीब 1,25,000 एकड़ होगा। यह जगह न्यू ऑरलियंस से लगभग 200 मील पश्चिम में है। अधिकारियों के मुताबिक, इस स्थान पर प्राकृतिक गैस की अच्छी उपलब्धता है और यहां से अलग-अलग दिशाओं में रॉकेट लॉन्च करने की सुविधा मिल सकती है।

स्पेसपोर्ट में क्या-क्या होगा?

SpaceX के अनुसार, स्टारबेस लुइसियाना को हर साल हजारों स्टारशिप उड़ानों को सपोर्ट करने के लिए तैयार किया जाएगा। यहां एक दर्जन से ज्यादा लॉन्च टावर होंगे और रोजाना 30 से ज्यादा स्टारशिप उड़ानें भरी जा सकेंगी। यह एक आत्मनिर्भर स्पेसपोर्ट होगा, जहां रॉकेट के लिए प्रोपेलेंट उत्पादन, बिजली पैदा करने की व्यवस्था, गहरे समुद्र तक शिपिंग की सुविधा, रॉकेट और दूसरे वाहनों को तैयार करने की सुविधाएं और एक एयरपोर्ट भी होगा।

2027 में शुरू होगा निर्माण

कंपनी की योजना के मुताबिक, स्पेसपोर्ट का निर्माण 2027 में शुरू होगा और यहां से पहली स्टारशिप उड़ान 2029 में होने की उम्मीद है। इस प्रोजेक्ट में आसपास के इलाकों के लोगों को भी बड़े पैमाने पर काम पर रखा जाएगा। जिससे 3,000 से ज्यादा नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। लुइसियाना के गवर्नर जेफ लैंड्री ने भी इस निवेश का स्वागत करते हुए इसे रोजगार और विकास के लिहाज से अहम बताया है।

मस्क के बड़े अंतरिक्ष सपने

यह प्रोजेक्ट ऐसे समय सामने आया है, जब SpaceX अंतरिक्ष में ज्यादा से ज्यादा सैटेलाइट भेजने के लिए अपनी रॉकेट उड़ानों को तेजी से बढ़ाने की योजना बना रही है। कंपनी ने 19 अगस्त को कैलिफोर्निया के वैंडेनबर्ग स्पेस फोर्स बेस से Falcon 9 रॉकेट की उड़ान के साथ इस साल अपना 100वां मिशन पूरा किया था। एलन मस्क की बड़ी योजनाओं में मंगल पर इंसानी बस्ती बसाना और अंतरिक्ष में सौर ऊर्जा से चलने वाले डेटा सेंटर तैनात करना भी शामिल है।

Updated on:
26 Aug 2026 12:26 pm
Published on:
26 Aug 2026 12:25 pm