
Tata Steel Share Price: टाटा स्टील का शेयर गुरुवार के कारोबारी सत्र में बीएसई पर गिरावट के साथ बंद हुआ है। यह 0.16 फीसदी गिरावट के साथ 187.80 रुपये पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह इस शेयर में 1 फीसदी की गिरावट देखने को मिली थी। वहीं, सेंसेंक्स 238 अंकों की बढ़ोतरी के साथ बंद हुआ है। दरअसल, टाटा स्टील ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कच्चे स्टील का उत्पादन पिछले साल की तुलना में 11 फीसदी बढ़ाया है। लेकिन फिर भी कंपनी के शेयर में गिरावट देखने को मिली। इस बीच आज निवेशकों की नजर टीसीएस के पहली तिमाही की नतीजों पर है, जिनसे आईटी सेक्टर की आगे की दिशा का संकेत मिल सकता है।
आज टीसीएस की पहली तिमाही का बिजनेस अपडेट आने वाला है। टीसीएस के शेयर बीएसई सेंसेक्स पर 0.52 फीसदी या 10.80 रुपये की गिरावट के साथ 2047.75 रुपये पर बंद हुए हैं। कारोबार के दौरान यह गिरकर 2016.05 रुपये तक पहुंच गया था। विभिन्न ब्रोकरेज हाउसेस का अनुमान है कि कंपनी की आय में हल्की बढ़त हो सकती है। Axis Securities को उम्मीद है कि TCS की टॉपलाइन ग्रोथ तिमाही आधार पर 1.1 फीसदी रह सकती है और मार्जिन में गिरावट आ सकती है। वहीं, Yes Securities के अनुसार रेवेन्यू ग्रोथ 0.8 फीसदी रहने और नेट प्रॉफिट में तिमाही आधार पर 27 फीसदी की उछाल आने की उम्मीद है।
टाटा स्टील द्वारा जारी बिजनेस अपडेट के अनुसार, अप्रैल-जून तिमाही में कच्चे स्टील का उत्पादन सालाना आधार पर 11 फीसदी बढ़कर 5.82 मिलियन टन रहा। यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से जमशेदपुर और कलिंगनगर प्लांट में अधिक उत्पादन की वजह से हुई। हालांकि, तिमाही आधार पर भारत में कंपनी का उत्पादन 6.4 फीसदी कम रहा।
टाटा स्टील की भारत में डिलीवरी पहली तिमाही में 5.17 मिलियन टन रही। घरेलू बिक्री सालाना आधार पर 11 फीसदी बढ़ी। कंपनी के अनुसार इसकी वजह बेहतर प्रोडक्ट मिक्स और मजबूत मार्केटिंग नेटवर्क है। हालांकि, पिछली तिमाही की तुलना में घरेलू डिलीवरी में 16.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
गुरुवार को टाटा स्टील का शेयर बीएसई पर 189.90 रुपये पर खुला और 187.80 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का शेयर लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में दबाव में दिखाई दिया। टाटा स्टील का 52 हफ्ते का उच्च स्तर 224.40 रुपये और निचला स्तर 152.55 रुपये रहा है। पिछले एक साल में कंपनी के शेयर ने करीब 18 फीसदी का रिटर्न दिया है।