Jallikattu Row: राज्य भर में जल्लीकट्टू को लेकर तेज हुआ प्रदर्शन

हजारों सड़क पर उतरे 
2 min read
• •
Updated: 18 Jan 2017, 6:33 PM IST
marina beach Crowd
marina beach Crowd
चेन्नई.
जल्लीकट्टू के आयोजन को लेकर चेन्नई समेत राज्य के अन्य हिस्सों में बुधवार को प्रदर्शन तेज हो गया। तमिलनाडु में सांडों पर काबू पाने के प्राचीन और लोकप्रिय खेल जलीकट्टू के आयोजन और पेटा पर प्रतिबंध की मांग कर रहे युवाओं ने राज्यभर उग्र प्रदर्शन किया।

राजधानी चेन्नई सहित राज्य के दूसरे शहर मदुरै, सेलम और कोयम्बत्तूर में जल्लीकट्टू के समर्थन में पिछले कई दिनों से हो रहा प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। दूसरी ओर जल्लीकट्टू के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे लोगों को जनता का समर्थन भी बढ़ता जा रहा है। चेन्नई के एसआरएम कॉलेज व डीजी वैष्णव कॉलेज के विद्यार्थियों ने इसके समर्थन में अपने शिक्षण संस्थान के बाहर प्रदर्शन किया।

इसके समर्थन में कई अन्य कॉलेज के विद्यार्थी कॉलेज से मरीना बीच पहुंचे। ये छात्र काला कमीज और टी शर्ट पहने हुए थे। मरीना बीच पर हजारों की संख्या में युवा पहुंचे और प्रदर्शन में भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने हाल ही सम्पन्न हुए पोंगल पर्व के दौरान जल्लीकट्टू का आयोजन कराने में असफल रहे राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कॉलेज छात्रों के हाथों में बैनर और तख्तियां थी जिन पर जल्लीकट्टू पर लगे प्रतिबंध हटाने की मांग को लेकर नारे लिखे हुए थे।

स्थिति को देखते हुए खुद मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने भी इस मामले में दखल दिया है। इसी बीच प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया है कि राज्य सरकार जल्लीकट्टू के आयोजन को लेकर उचित कदम उठाए नहीं तो प्रदर्शन ऐसे ही जारी रहेगा।

युवाओं के इस प्रदर्शन को कॉलीवुड के अभिनेताओं का भी समर्थन मिल रहा है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में जारी प्रदर्शन के चलते यातायात जाम की समस्या पैदा हो गई। लोगों को कार्यालय जाने में परेशानी हुई। प्रदर्शनकारियों ने पेटा के खिलाफ भी नारेबाजी की। इस एनजीओ की मांग पर ही सुप्रीम कोर्ट ने इस खेल पर प्रतिबंध लगा दिया था।
Published on: