तमिलनाडु में चिलचिलाती गर्मी चरम पर
चेन्नई. तमिलनाडु में चिलचिलाती गर्मी चरम पर है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि राज्य भर में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। अगले दो दिनों तक तापमान का स्तर 36 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड होने की संभावना है। इस बीच दक्षिणी जिलों के कुछ हिस्सों में संवहन के कारण हल्की बारिश हो सकती है। एक ट्रफ रेखा उत्तरी छत्तीसगढ़ से विदर्भ और तेलंगाना होते हुए उत्तरी आंतरिक कर्नाटक तक समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर बनी हुई है। इसके अलावा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण कम चिह्नित हो गया है। इसके प्रभाव के तहत तमिलनाडु में शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। जहां उत्तरी तटीय और आंतरिक जिलों में अगले कुछ दिनों तक पारा सामान्य से थोड़ा ऊपर रहने की उम्मीद है।
क्षेत्रीय चक्रवात केंद्र के निदेशक पी सेंथमराई कन्नन ने कहा तमिलनाडु के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है। मौसम केंद्रों पर तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि तापमान स्तर में वृद्धि के कारण आने वाले दिनों में गर्म और असुविधाजनक मौसम बने रहने की संभावना है।दूसरी ओर राज्य में पारे के स्तर में बढ़ोतरी के कारण दक्षिणी जिलों के कुछ इलाकों में 18 मार्च से हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।