Jallikattu Row : चरमराई यातायात व्यवस्था, महानगर के अनेक इलाकों में प्रदर्शन

जल्लीकट्टू के समर्थन में मरीना बीच समेत कई जगहों पर प्रदर्शन 

less than 1 minute read
Jan 18, 2017
chennai crowd marina
चेन्नई.
महानगर के अनेक इलाकों में जल्लीकट्टू के समर्थन में किए जा रहे प्रदर्शन के चलते बुधवार को महानगर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। मरीना बीच पर कामराज सालै पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी प्रदर्शन कर रहे हैं वहां यातायात का हाल बुरा था।

इसके साथ ही ओएमआर पर जहां शिक्षण संस्थान एवं आईटी पार्क अधिक संख्या में हैं, वहां भी यातायात में बाधा पहुंची। प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या मरीना बीच सर्विस लेन से सड़क तक आ पहुंची। प्रदर्शनकारियों को बहुत दूर अपने वाहन पार्क कर प्रदर्शन स्थल तक पहुंचना पड़ा।

युवाओं की टोलियों के मरीना बीच की ओर लगातार रुख करने से सेंथाम हाई रोड एवं अण्णा सालै पर यातायात रेंगता नजर आया। कुछ ऐसे ही दृश्य अन्य सड़कों पर भी नजर आए। ओल्ड महाबलीपुरम रोड पर सत्यभामा विश्वविद्यालय एवं आईटी कंपनियों के कर्मचारी भी इस प्रदर्शन में आगे आए तो यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। सोशल मीडिया पर जल्लीकट्टू का प्रदर्शन छाया रहा। कई लोगों ने इस पर अपने ट्वीट भी किए। एक ने ट्वीट किया कि पेरन्गुडी से टाइडल पार्क तक जल्लीकट्टू को लेकर प्रदर्शन के चलते यातायात जाम हो चुका है। इस दौरान कई कार्यकर्ता यातायात नियमन करते दिखे।
आईटी कर्मचारी भी कूदे प्रदर्शन में
उधर, आईटी कर्मचारी भी इस प्रदर्शन में कूद गए हैं। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र भी जल्लीकट्टू के प्रदर्शन में साथ दे रहे हैं। बुधवार को छात्रों ने मानव शृंखला बनाकर प्रदर्शन किया। टाइडल पार्क, डीएलएफ समेत कई कर्मचारियों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उपनगरीय ताम्बरम, गुडुवांचेरी और जीएसटी रोड पर भी जल्लीकट्टू के समर्थन में धरना दिया गया।
Published on:
18 Jan 2017 08:58 pm
Also Read
View All