छतरपुर

मुख्यमंत्री बोले—मध्यप्रदेश ने लाल सलाम को दिया अंतिम सलाम, बुंदेलखंड रोजगार देने वाली धरती बन रहा

कांग्रेस सरकार के समय नक्सलवाद अपने चरम पर था और इन्हीं नक्सलियों ने जनप्रतिनिधियों की हत्या तक को अंजाम दिया था। आज प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत है और निवेश, पर्यटन व विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं।

2 min read
Dec 10, 2025
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

खजुराहो में आयोजित मंत्रिमंडल बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती ने लाल सलाम को आखरी सलाम कह दिया है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश से नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो चुका है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश और देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय नक्सलवाद अपने चरम पर था और इन्हीं नक्सलियों ने जनप्रतिनिधियों की हत्या तक को अंजाम दिया था। आज प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत है और निवेश, पर्यटन व विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं।

पर्यटन और रोजगार की दिशा में बड़े कदम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि पन्ना नेशनल पार्क में टाइगरों के साथ हाथियों की संख्या भी बढ़ रही है। पर्यटकों की सुविधा के लिए कैंटर सेवा शुरू की गई है, जिससे ग्रुप सफारी आसान होगी और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। जी-20 समिट की सफलता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि महाराजा छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर का उपयोग बढ़ाने के लिए खजुराहो में कैबिनेट बैठक और प्रमुख कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। साथ ही पीपीपी मॉडल पर कन्वेंशन सेंटर के पास एक फाइव स्टार होटल विकसित करने की योजना भी तैयार है।

छतरपुर–दमोह मेडिकल कॉलेज में भर्ती को मंजूरी

कैबिनेट बैठक में छतरपुर और दमोह मेडिकल कॉलेजों के लिए पदों की भर्ती को मंजूरी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष छतरपुर, दमोह, पन्ना और कटनी में नए मेडिकल कॉलेज शुरू हो जाएंगे, जिससे चिकित्सा सुविधाएं बढ़ेंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

बुंदेलखंड बन रहा विकास और रोजगार का केंद्र

मुख्यमंत्री ने सागर इनवेस्टर मीट का जिक्र करते हुए कहा कि उसके बाद प्रदेश में उर्वरक संयंत्रों की स्थापना हुई है। आदिवर्त परिसर में गुरुकुल मॉडल के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर का केंद्र विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में स्टोन इंडस्ट्री की अपार संभावनाएं हैं और केन–बेतवा लिंक परियोजना पूरे क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखेगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बुंदेलखंड अब रोजगार देने वाली धरती बन रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार मध्यप्रदेश तेजी से निवेश, पर्यटन, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है।

Published on:
10 Dec 2025 10:37 am
Also Read
View All

अगली खबर