3 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

7.5 करोड़ से 5 किमी मार्ग का चौड़ीकरण; ट्रांसपोर्ट नगर से पन्ना नाका तक 8 मीटर बढ़ेगी चौड़ाई

इस 5 किलोमीटर लंबे मार्ग के कायाकल्प से न केवल शहर की सूरत बदलेगी, बल्कि हजारों वाहन चालकों को जाम और जर्जर सड़क से स्थाई मुक्ति मिलेगी।

2 min read
Google source verification
jawahar marg

छतरपुर की मुख्य सड़क

छतरपुर की मुख्य सड़क का होगा कायाकल्प

शहर की यातायात व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। छतरपुर शहर के सबसे व्यस्ततम मार्गों में से एक, ट्रांसपोर्ट नगर से लेकर सिंचाई कॉलोनी गेट तक की सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 7.5 करोड़ रुपए की राशि मुख्यमंत्री ने मंजूर की है। इस 5 किलोमीटर लंबे मार्ग के कायाकल्प से न केवल शहर की सूरत बदलेगी, बल्कि हजारों वाहन चालकों को जाम और जर्जर सड़क से स्थाई मुक्ति मिलेगी।

7 से 8 मीटर तक की अतिरिक्त चौड़ाई बढ़ाई जाएगी

विधायक ललिता यादव ने बताया कि परियोजना के तहत सबसे महत्वपूर्ण बदलाव सड़क की चौड़ाई में देखने को मिलेगा। वर्तमान मार्ग के दोनों ओर 7 से 8 मीटर तक की अतिरिक्त चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। इसके निर्माण से ट्रांसपोर्ट नगर से लेकर जवाहर रोड, छत्रसाल चौराहा और आगे सिंचाई कॉलोनी पन्ना नाका तक का पूरा हिस्सा एक समान चौड़ा और व्यवस्थित हो जाएगा। चौड़ीकरण का यह कार्य पूरा होने के बाद, शहर के भीतर भारी वाहनों और स्थानीय ट्रैफिक का दबाव कम होगा, जिससे सड़क हादसों में भी कमी आएगी।

आधुनिक तकनीक: डलेगी 3 इंच मोटी डामर की परत

सड़क की मजबूती और सुगम यातायात के लिए इस बार विशेष तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार, वर्तमान में बनी सीसी रोड के ऊपर 80 एमएम (करीब 3 इंच) मोटाई की डामर की परत बिछाई जाएगी। कंक्रीट के ऊपर डामर की यह कोटिंग सड़क को लचीलापन और स्मूथ फिनिश प्रदान करेगी, जिससे वाहनों के टायर खराब नहीं होंगे और ड्राइविंग का अनुभव बेहतर होगा।

जल निकासी के लिए 4 नई पुलिया का निर्माण

सड़क के स्थायित्व के लिए जल निकासी सबसे बड़ी चुनौती होती है। इसे ध्यान में रखते हुए, इस 5 किलोमीटर के दायरे में 4 नई पुलिया का निर्माण प्रस्तावित है। ये पुलिया बारिश के मौसम में पानी की सुचारू निकासी सुनिश्चित करेंगी, जिससे सड़क पर जलभराव नहीं होगा और सड़क की उम्र भी लंबी होगी।

टेंडर प्रक्रिया शुरू, जल्द धरातल पर दिखेगा काम

इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के लिए आधिकारिक तौर पर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि निर्माण कार्य जल्द ही प्रारंभ हो जाएगा। इस मार्ग के सुधरने से शहर के मुख्य व्यापारिक क्षेत्रों, बस स्टैंड और जिला मुख्यालय तक पहुंचना आसान हो जाएगा। ट्रांसपोर्ट नगर से चंद्रपुरा तक के इस पूरे बेल्ट में सड़क चौड़ी होने से व्यापारियों और आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।