छतरपुर. श्री कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर जिले भर में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। जिला मुख्यालय में पुलिस लाइन रोड में स्थित श्री लड्डू गोपाल मंदिर में विशेष झांकी सजाकर भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में न केवल नगर वासियों बल्कि पर्यटन नगरी का भ्रमण करने आए विदेशी पर्यटकों ने भी भाग लिया।
आधी रात को भगवान योगेश्वर का मनाया गया जन्मोत्सव
छतरपुर. श्री कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर जिले भर में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। जिला मुख्यालय में पुलिस लाइन रोड में स्थित श्री लड्डू गोपाल मंदिर में विशेष झांकी सजाकर भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। वहीं थानों से लेकर जेल में भी कन्हैया की झांकी सजाई गई। मनमोहक सजीव झांकियां सजाई गई जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में जन्माष्टमी की धूम रही।
खजुराहो नगर की यशोवर्मन टैक्सी चालक यूनियन ने धूमधाम से भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। कार्यक्रम में यूनियन द्वारा राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी सजाई गई, साथ ही भगवान का वेश बनाकर आए छोटे-छोटे बच्चों के विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। खास बात यह रही कि टैक्सी चालकों के इस कार्यक्रम में न केवल नगर वासियों बल्कि पर्यटन नगरी का भ्रमण करने आए विदेशी पर्यटकों ने भी भाग लिया। उपस्थित जनसमूह ने धार्मिक गीतों पर जमकर नृत्य किया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी गई।
जन्माष्टमी पर गढ़ीमलहरा में हुआ दंगल
गढ़ीमलहरा नगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर भव्य दंगल का आयोजन किया गया, जिसमें मध्यप्रदेश सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों से आए पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी दी। दंगल में आगरा, मथुरा, दिल्ली, कानपुर, बांदा, जबलपुर और महोबा सहित क्षेत्रीय पहलवानों ने भाग लिया। दंगल से पूर्व कुछ पहलवानों ने मुगदर घुमा कर प्रदर्शन किया। वहीं पहलवानों को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजन समिति और जनता द्वारा प्रोत्साहन राशि का अनाउंसमेंट कराया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि पुष्पेंद्र अहिरवार, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार चौरसिया, जयप्रकाश सोनी, पार्षद करण चौरसिया, प्रमोद चौरसिया, सतीश चौरसिया, दयाराम अहिरवार, उमाशंकर चौरसिया, सचिन चौरसिया सहित बड़ी संख्या में दंगल प्रेमी मौजूद रहे।