
निर्वाचन शाखा
जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान का काम अब अंतिम चरण में है। इस अभियान के तहत कुल 3 लाख 22 हजार 753 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने थे, जिनमें से अब तक 3 लाख 1 हजार 943 नोटिस जनरेट किए जा चुके हैं। अब तक 1 लाख 95 हजार 588 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं।
महाराजपुर में अभियान सबसे प्रभावी रहा। कुल 48 हजार 252 नोटिस में से 41330 वितरित हो चुके हैं। 1821 मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है और बड़ी संख्या में नामों को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के लिए आगे बढ़ाया गया है।
चंदला में कुल 42 हजार 782 नोटिस जनरेट हुए, जिनमें से 22699 वितरित हुए और 20083 लंबित हैं। सुनवाई और सत्यापन की गति अपेक्षाकृत धीमी रही। जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
राजनगर जिले में सबसे बेहतर प्रदर्शन कर रही है। कुल 60 हजार 662 नोटिस में से 50 हजार 852 वितरित हो चुके हैं। अधिकांश मामलों में सत्यापन पूरा कर नामों को अंतिम सूची के लिए तैयार किया गया है। रिटर्निंग ऑफिसर प्रशांत अग्रवाल ने दावा-आपत्तियों की सुनवाई करते हुए वास्तविक मतदाताओं की गहन पड़ताल की है।
छतरपुर में कुल 57 हजार 625 नोटिस में से 43017 वितरित हो चुके हैं, जबकि 14608 लंबित हैं। सुनवाई के बाद 619 मतदाता अयोग्य पाए गए। रिटर्निंग ऑफिसर ने बताया कि पूरी पारदर्शिता के साथ प्रक्रिया जारी है।
बिजावर में 55128 नोटिस में से 30350 वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 24778 नोटिस लंबित हैं। सत्यापन प्रक्रिया लगातार जारी है।
मलहरा में नोटिस डिलीवरी सबसे कमजोर रही। कुल 37727 नोटिस में केवल 7340 वितरित हो सके हैं। लगभग 30387 नोटिस लंबित हैं। कई नामों को अंतिम प्रकाशन की श्रेणी में रखा गया है। नोटिस डिलीवरी में कमजोर प्रगति के कारण जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित आरओ से जवाब तलब किया है।
अब तक जिले में 7021 मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है, 3721 मामले लंबित हैं और 1226 मतदाता अयोग्य पाए गए हैं। जिले में कुल 3 लाख 41 हजार 361 नाम अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की प्रक्रिया में हैं। प्रशासन का दावा है कि शेष नोटिसों की डिलीवरी जल्द पूरी कर ली जाएगी। जानकारी के अनुसार 2003 की वोटर लिस्ट में मतदाता, पिता और पते में विसंगतियां पाई गई हैं। पुराने हिंदी नामों के अंग्रेजी में कन्वर्जन से भी डेटा मिसमैच हुआ है। नोटिस के माध्यम से वैध दस्तावेजों के आधार पर थोकबंद सूचना पत्र जारी कर गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है।
दावा-आपत्ति की सुनवाई के बाद 9 से 14 फरवरी के बीच अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पार्थ जैसवाल ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से एसआइआर कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण जारी है।
मिलिंद नागदेवे, उप जिला निर्वाचन अधिकारी
Published on:
05 Feb 2026 10:52 am
बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
