
20 year old youth dies sudden silent heart attack
mp news: मध्यप्रदेश के छतरपुर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां साइलेंट अटैक से महज 20 साल के युवक की मौत हो गई। घटना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़कुल चौक की है। यहां सीताराम मिष्ठान के बगल में रहने वाले राकेश उर्फ बल्लू जैन के इकलौते 20 वर्षीय पुत्र पार्श उर्फ केशु जैन की शुक्रवार सुबह संदिग्ध साइलेंट अटैक से अचानक मौत हो गई। इस दुखद घटना से परिवार, स्थानीय व्यापारी वर्ग और जैन समाज में गहरा शोक छा गया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर पर नाश्ता करते समय केशु जैन को अचानक सीने और पेट में तेज दर्द उठा। हालत बिगड़ते देख परिजनों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन डीसी प्लाजा के समीप ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों और आसपास के व्यापारियों ने बताया कि केशु अपनी मां के साथ मोनिका मैचिंग दुकान पर बैठता था और साथ ही कॉलेज में पढ़ाई भी जारी रखे हुए था। वह स्वस्थ और ऊर्जावान युवक था, इसलिए उसकी अचानक मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। लोग इसे साइलेंट अटैक से हुई मौत बता रहे हैं। परिवार के सदस्यों और कुछ स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोविड महामारी के दौरान लगाई गई वैक्सीन के साइड इफेक्ट्स के कारण हाल के वर्षों में युवाओं में हार्ट अटैक और साइलेंट अटैक जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। वे इस मामले की गहन जांच की मांग कर रहे हैं ताकि मौत का सही कारण सामने आ सके और ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Updated on:
06 Feb 2026 10:30 pm
Published on:
06 Feb 2026 10:30 pm
