mp news: शादी के 15 दिन पहले लड़के ने लड़की को फोन कर कहा भला बुरा, रंग का ताना देकर तोड़ दी शादी...थाने पहुंचा मामला ।
mp news: मध्यप्रदेश के छतरपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक लड़के ने लड़की के काले रंग को लेकर शादी से 15 दिन पहले शादी करने से इंकार कर दिया। लड़की ने शादी टूटने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और इंसाफ का इंतजार कर रही है। पीड़ित लड़की का ये भी आरोप है कि उससे शादी तोड़ने के बाद मंगेतर ने दूसरी लड़की पसंद कर शादी फिक्स कर ली है और दूसरी लड़की से दहेज में 5 लाख रूपए ले रहा है।
मामला छतरपुर जिले के अलीपुरा थाना क्षेत्र के कारारागंज गांव का है जहां रहने वाली भारती की शादी झांसी के भिटौरा गांव के रहने वाले रूपेश अहिरवार से साल 2023 में तय हुई थी। सगाई में लड़की पक्ष ने लड़के पक्ष को तीन लाख रुपये नगद और 50 हजार रुपये खर्च किए थे। शादी की तारीख 25 अप्रैल 2024 तय हुई थी । शादी की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और शादी के कार्ड भी बंट चुके थे लेकिन शादी के 15 दिन पहले रूपेश ने शादी करने से मना कर दिया।
भारती ने बताया कि शादी की तारीख तय होने के बाद रूपेश और उसके बीच फोन पर बातें होने लगी थीं। शादी से 15 दिन पहले उसने फोन किया और कहने लगा 'तुम काली हो, मेकअप किया करो, खेत में काम करने से तुम काली हो गई हो, इसलिए अब मैं तुमसे शादी नहीं कर सकता।' रूपेश ने इतना कहकर फोन काट दिया और फिर इसके बाद मैंने और परिवारवालों ने रूपेश को कई बार फोन लगाया लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया।
भारती का आरोप है कि रूपेश के द्वारा शादी तोड़ने की मुख्य वजह दहेज है। रंग तो एक बहाना है दरअसल रूपेश ने एक दूसरी लड़की से शादी करने का फैसला लिया है और उस लड़की के घर वाले उसे दहेज में पांच लाख रूपए भी दे रहे हैं। भारती और उनके परिवार ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। वे चाहते हैं कि रंगभेद के आधार पर शादी तोड़ने वाले रूपेश पर कानूनी कार्यवाही की जाए और उनके खर्च किए गए पैसे वापस मिलें।