छतरपुर

महोबा में नीट छात्रा का अपहरण: 16 दिन बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म, सिगरेट से जलाया, नशीले इंजेक्शन लगाए

विरोध करने पर उसे सिगरेट के जलते टुकड़ों से दागा गया और चाकू से लहूलुहान कर दिया गया। हैवानियत की इस खौफनाक दास्तां को सुनकर खुद पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए।

2 min read
May 20, 2026
महोबा कोतवाली

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में नीट की तैयारी कर रही एक 25 वर्षीय छात्रा के साथ हुई जघन्य वारदात ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। आरोपियों ने छात्रा का अपहरण कर उसे 16 दिनों तक बंधक बनाए रखा, नशीले इंजेक्शन देकर बेहोश रखा और बार-बार सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे सिगरेट के जलते टुकड़ों से दागा गया और चाकू से लहूलुहान कर दिया गया। हैवानियत की इस खौफनाक दास्तां को सुनकर खुद पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए।

कोचिंग से लौटते समय कार सवार बदमाशों ने किया था अगवा

मूल रूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पठा गांव की रहने वाली यह छात्रा महोबा शहर में रहकर नीट की कोचिंग कर रही थी। बीती 30 अप्रेल को जब वह कोचिंग से वापस लौट रही थी, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कार सवार बदमाशों ने उसे जबरन गाड़ी के अंदर खींच लिया और मौके से फरार हो गए। छात्रा के अचानक गायब हो जाने के बाद परेशान मां ने महोबा पुलिस में मोहित श्रीवास समेत कुछ नामजद आरोपियों के खिलाफ अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल चार विशेष टीमों का गठन कर पीड़िता की तलाश शुरू की थी।

प्रयागराज में रखा बंधक, हर दो घंटे में देते थे नशीला इंजेक्शन

लंबी कशमकश और पुलिस टीमों की कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद पीड़िता ने पुलिस को जो बयान दिया, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला है। पीड़िता ने बताया कि उसके ही गांव के रहने वाले मोहित श्रीवास ने अपने साथियों अंकित श्रीवास, हल्लू राजपूत और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया था। आरोपी उसे महोबा से सीधे प्रयागराज ले गए, जहां उन्होंने एक गुप्त स्थान पर उसे बंधक बनाकर रखा। वहां पूरे 16 दिनों तक उसे हर दो घंटे में नशीले इंजेक्शन दिए जाते रहे ताकि वह शोर न मचा सके। इसी बेहोशी और अर्धबेहोशी की हालत में मुख्य आरोपी मोहित ने उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया।

सिगरेट से दागा, भाई की फोटो दिखाकर रचा जबरन शादी का नाटक

पीड़िता ने रोते हुए बताया कि जब भी उसे होश आता और वह विरोध करने की कोशिश करती, तो आरोपी हैवानियत पर उतारू हो जाते थे। दरिंदों ने उसे सिगरेट के जलते टुकड़ों से बुरी तरह दागा, चाकू मारकर लहूलुहान किया और लगातार जान से मारने की धमकियां दीं। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़िता को मानसिक रूप से तोड़ने के लिए उसके भाई की तस्वीर दिखाई और परिवार को खत्म करने की धमकी देकर जबरन शादी का ढोंग भी रचाया।

अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही पीड़िता, तीन आरोपी पुलिस कस्टडी में

वर्तमान में छात्रा की शारीरिक और मानसिक स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह गहरे सदमे (ट्रॉमा) में है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। इधर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक मामले के तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना बेहद गंभीर है। सभी नामजद और सह-आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप, अपहरण और जानलेवा हमला जैसी संगीन धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में पैरवी कर दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाई जाएगी।

Published on:
20 May 2026 10:41 am
Also Read
View All
47 डिग्री का टॉर्चर: छतरपुर जिले में दो दिन और राहत के आसार नहीं, तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट बढ़ा, आज फिर बढ़ेगा पारा

हर दो घंटे में दिया नशीला इंजेक्शन, बार-बार किया गैंग रेप, एमपी की बेटी के साथ यूपी में दरिंदगी की सारी हदें पार

छतरपुर में सूर्य देव का रौद्र रूप: छतरपुर में 47 डिग्री के करीब पहुंचा पारा, दोपहर में कर्फ्यू जैसा सन्नाटा. मौसम विभाग का तीव्र लू का ऑरेज अलर्ट

विश्वविद्यालय में प्रवेश के प्रथम चरण के सीट आवंटन पत्र 20 मई को होंगे जारी, तय तारीख तक शुल्क जमा न करने पर प्रवेश स्वतः हो जाएगा निरस्त

शिक्षा से खिलवाड़: छतरपुर में निर्माण एजेंसियों ने खाते से गायब की राशि, खंडहर में तब्दील हुए अधूरे स्कूल भवन