छतरपुर

छतरपुर के किशनगढ़ और पुरवा गांव की खूबसूरती अब बड़े पर्दे पर, जल सहेलियों के संघर्ष की कहानी कहेगी फिल्म बूंद

बुंदेलखंड के जल पुरुष संजय सिंह की भूमिका में नजर आएंगे झांसी के अभिनेता आरिफ शहडोली, मुंबई के कलाकारों को सिखाया बुंदेली भाषा का हुनर

2 min read
Mar 25, 2026
फिल्म टीजर का दृश्य

बुंदेलखंड की धरती की सोंधी खुशबू और यहां के जल संकट से जूझती जीवट महिलाओं के संघर्ष की गाथा अब हिंदी सिनेमा के बड़े पर्दे पर दिखाई देगी। फिल्म बूंद के जरिए छतरपुर जिले के प्राकृतिक सौंदर्य और ग्रामीण परिवेश को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलने जा रही है। इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसकी अधिकांश शूटिंग छतरपुर जिले के किशनगढ़ के पास स्थित पुरवा गांव की वास्तविक लोकेशन्स पर की गई है, जिससे फिल्म में बुंदेलखंड की असल तस्वीर उभरकर सामने आएगी।

जल सहेलियों के साहस और समर्पण की कहानी

यह फिल्म पूरी तरह से बुंदेलखंड की उन जल सहेलियों के उत्कृष्ट और साहसिक कार्यों से प्रेरित है, जिन्होंने अपनी मेहनत से सूखे तालाबों को पुनर्जीवित किया और जल संरक्षण के क्षेत्र में मिसाल पेश की। फिल्म के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि कैसे एक-एक बूंद पानी को बचाने के लिए ग्रामीण महिलाएं संगठित होकर समाज में बदलाव ला रही हैं। फिल्म के निर्माता दीपक मनोहर दीवान और निर्देशक जैनी दीपायन ने बुंदेलखंड के इस ज्वलंत मुद्दे को बेहद संवेदनशीलता के साथ फिल्माया है।


आरिफ शहडोली बने जल पुरुष


फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे झांसी निवासी अभिनेता आरिफ शहडोली बुंदेलखंड के सुप्रसिद्ध जल पुरुष संजय सिंह के किरदार को जीवंत करते नजर आएंगे। आरिफ ने न केवल इस फिल्म में शानदार अभिनय किया है, बल्कि उन्होंने फिल्म के अन्य नामचीन कलाकारों को बुंदेली भाषा, लहजे और संवाद अदायगी का गहन प्रशिक्षण भी दिया है। इससे पहले आरिफ चिडिय़ाघर धारावाहिक और कई राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित फिल्म गुठली लड्डू में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके हैं।

दिग्गज कलाकारों का जमावड़ा

फिल्म 'बूंद' में बॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकार अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरेंगे। फिल्म की स्टार कास्ट में विदिता बाग, रोहित चौधरी, गोविंद नामदेव, प्रवीण चंद्रा और गौतम जैसे महत्वपूर्ण नाम शामिल हैं। स्थानीय स्तर पर पुरवा गांव में हुई शूटिंग के दौरान ग्रामीणों में भी भारी उत्साह देखा गया था और अब फिल्म के प्रदर्शन का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। आरिफ शहडोली की आने वाली अन्य फिल्मों में परिवार, गाइड एक प्रेम कहानी और जनादेश भी कतार में हैं।
फोटो- फिल्म टीजर का दृश्य

Published on:
25 Mar 2026 10:42 am
Also Read
View All

अगली खबर