- छोटी बाजार में आयोजित हुआ इनामी दंगल
छोटी बाजार में 150 वर्षों से चली आ रही दंगल प्रतियोगिता का आयोजन इस वर्ष भी गप्तु उस्ताद श्री बड़ी माता मंदिर व्यायाम शाला समिति के माध्यम से किया गया। दंगल में हरियाणा, मथुरा, बनारस, नासिक, नांदेड़, लातूर, इंदौर, भोपाल, जबलपुर , खंडवा, हरदा, सागर, नरसिंहगढ़, सिवनी, बरघाट एवं छिंदवाड़ा जिले सहित कई देशभर के पहलवानों ने अपना कौशल दिखाया। सुबह 10 बजे से लेकर शाम चार बजे तक 85 स्पद्र्धाएं आयोजित हुईं। इसमें छिंदवाड़ा के शिवा पहलवान ने स्पद्र्धा जीतकर शील्ड अपने नाम कर ली।
समिति के सचिव श्रीपाल ने बताया दंगल में महिला पहलवान किरण शर्मा ने अमरवाड़ा के पुरुष पहलवान प्रद्युम्न को महज नौ सेकेंड में पटकनी दे दी। इसके साथ भी और महिला पहलवानों ने कुश्ती में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। समिति के अध्यक्ष गोविंद राजपूत ने बताया कि आगामी दुर्गा उत्सव पर भी इनामी दंगल का बड़ा आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, संरक्षक कस्तूर चंद जैन, राजू चरणागर, सतीश दुबे सहित कार्यक्रम के विशेष सहयोगी के रूप में सचिन ताम्रकार, नितिन ताम्रकार, गोलू ताम्रकार, आशु पांडे, मनोज गुप्ता आदि उपस्थित रहे। हजारों की संख्या में दंगल प्रेमी दर्शक उपस्थित रहे।
दंगल के विजेता प्रतिभागियों में से प्रथम पुरस्कार बड़ी माता व्यायाम शाला के शिवा पहलवान को मिला। द्वितीय पुरस्कार बड़ी माता व्यायाम शाला के ही रोहित, तृतीय पुरस्कार इंदौर के विजय भाटिया, चतुर्थ पुरस्कार भाना मुकासा के विनोद एवं पंचम पुरस्कार भी बड़ी माता व्यायाम शाला के विजय पहलवान को। कोषाध्यक्ष सौरभ चौरसिया ने बताया कि इस कार्यक्रम में स्वर्गीय रमेश ताम्रकार पहलवान, स्वर्गीय प्रेमचंद पांडे एवं स्वर्गीय बालमुकुंद गुप्ता की स्मृति में विशेष पुरस्कार रखे गए थे।