कोतवाली पुलिस ने रिंगरोड पर दो कारों से जब्त की 15 पेटी शराब, दो अन्य आरोपी भी धराएं
छिंदवाड़ा. कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत रिंगरोड पर थुनिया भांड के समीप दो कार में तीन लाख रुपए कीमत की 15 पेटी महंगी शराब जब्त की है। यह शराब दिल्ली से लाई गई थी जो कि मुख्य सरगना पुनीत (45) पिता धर्मेंद्र चाचड़ा निवासी वार्ड नंबर दो मधुवन कॉलोनी लेकर आया था तथा इस महंगी शराब को शहर के लक्जरी लोगों को सप्लाई करता था। कार में मुख्य सरगना पुनीत चाचड़ा तथा उसकी बहन पायल (45) पति पवन रावल निवासी थाना कोटला दिल्ली तथा ड्राइवर दिलीप (49) पिता चिरंलीलाल निवासी साउथ एक्सटेंशन पार्ट तीन थाना होसखास दिल्ली को पुलिस ने पकड़ा है। एक कार पुनीत तथा एक कार उसकी बहन पायल की है। पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेसवार्ता आयोजित कर पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री, एएसपी अवधेश प्रताप सिंह, सीएसपी अजय राणा ने इस मामले का खुलासा किया है।
कोतवाली पुलिस ने जब्त किया 21 किलो गांजा, उड़ीसा से आई थी सप्लाई
छिंदवाड़ा। कोतवाली पुलिस को एक और सफलता मिली है, पुलिस ने सूचना के आधार पर शुक्रवार को रिंगरोड इमलीखेड़ा मार्ग पर घेराबंदी कर कार से 21.143 किलो गांजा पकड़ा है। वाहन चालक से पूछताछ की गई जो उसने अपना नाम बाबूला (42) पिता श्यामलाल राउत निवासी श्रीराम नगर चांगोरा भाटा सुंदर नगर रायपुर छत्तीसगढ़ बताया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह गांजा की खेप उड़ीसा से लाता है। पुलिस पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि वह गांजा की खेप छिंदवाड़ा लाकर कहां सप्लाई करता था। आरोपी पर पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है।