9 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

डॉ सोनी की गिरफ्तारी के बाद से गायब थे डॉ ठाकुर और डॉ सिद्दीकी

कोल्ड्रिफ कफ सिरप कांड : न्यायालय ने दोनों आरोपी डॉक्टर्स को भेजा जेल

2 min read
Google source verification
coldrif

coldrif

छिंदवाड़ा. जहरीले कोल्ड्रिफ कफ सिरप से छिंदवाड़ा जिले के 22 बच्चों की मौत के मामले में शनिवार को गिरफ्तार किए गए परासिया सिविल अस्पताल से सेवानिवृत्त शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ एसएस ठाकुर और मोरडोंगरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ निलंबित डॉक्टर डॉ अमन सिद्दीकी को रविवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों डॉक्टर्स को जेल भेज दिया है। ये दोनों ही डॉक्टर कोल्ड्रिफ कफ सिरप से बच्चों की मौत के मामले में डॉ प्रवीण सोनी की गिरफ्तारी के बाद से फरार थे और लोग पुलिस पर आरोपियों से सांठगांठ का आरोप भी लगा रहे थे। जानकारी के अनुसार एसआईटी जांच में सामने आया कि दोनों डॉक्टरों ने सर्दी-जुकाम से पीडि़त बच्चों को उपचार के दौरान कोल्ड्रिफ कफ सिरप लिखी थी। जांच के दौरान डॉ ठाकुर के चार ऐसे पर्चे मिले हैं, जिनमें यह दवा दर्ज है। डॉ अमन सिद्दीकी मुख्य आरोपी डॉक्टर प्रवीण सोनी के साथ असिस्टेंट के रूप में भी काम कर चुका है और उसका परासिया में निजी क्लीनिक भी संचालित है। लापरवाही के आरोप में डॉ अमन सिद्दीकी को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

परिजनों के दबाव के बाद तेज हुई कार्रवाई

जिन बच्चों का इलाज डॉ एसएस ठाकुर और डॉ अमन सिद्दीकी से कराया गया था, उनके परिजन लंबे समय से कार्रवाई की मांग कर रहे थे। परिजनों ने इस पूरे मामले में पहले भी पुलिस पर आरोपी डॉक्टर्स के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया था। हाल के दिनों में परासिया में पीडि़त परिवारों ने एकत्र होकर आंदोलन की चेतावनी भी दी थी। इसके बाद एसआईटी ने जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर दोनों डॉक्टरों को सहआरोपी बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया।

जांच जारी, आरोपियों को भेजा जेल

एसआईटी के जांच अधिकारी एसडीओपी जितेंद्र जाट ने बताया कि प्रकरण की जांच लगातार जारी है और विवेचना में जिन-जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दोनों आरोपी डॉक्टर का परासिया न्यायालय में पेश किया गया था। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार

कोल्ड्रिफ कफ सिरप के सेवन से बच्चों की मौत के बाद गठित एसआईटी ने अब तक दवा कंपनी, सप्लाई चेन और मेडिकल स्टोर से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें परासिया के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ प्रवीण सोनी, दवा कंपनी के मालिक रंगनाथन, केमिकल एनालिस्ट के महेश्वरी, केमिकल सप्लायर शैलेश पांड्या, दवा एजेंसी संचालक राजेश सोनी, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव सतीश वर्मा, फार्मासिस्ट सौरभ जैन सहित अन्य आरोपी शामिल हैं। दो डॉक्टरों की शनिवार को हुई गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढकऱ 12 हो गई है।