- शपथपत्र में पत्नी के साथ दिया चल-अचल संपत्तियों का ब्योरा- छिंदवाड़ा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी बतौर नामांकन दाखिल
छिंदवाड़ा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने गुरुवार को छिंदवाड़ा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी बतौर नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उन्होंने शपथपत्र में अपनी और पत्नी अलकानाथ के नाम की चल-अचल संपत्ति का ब्योरा दिया है। इसमें उनकी संयुक्त संपत्ति 134.10 करोड़ रुपए दर्शाई गई है। छिंदवाड़ा की राजनीति में पिछले 43 साल से सक्रिय कमलनाथ 76 साल के तथा बीकॉम तक शिक्षित हैं।
कमलनाथ से ज्यादा ज्वेलरी अलकानाथ के पास
शपथपत्र के अनुसार चल सम्पत्ति में कमलनाथ के पास केवल 3.30 लाख रुपए नकदी है, तो छह करोड़ से ज्यादा का बैंक बैलेंस है। तीन सौ ग्राम सोना की कीमत 16.60 लाख रुपए है। शिकारपुर और इमलीखेड़ा समेत अन्य स्थान पर खुद के नाम जमीन 64.45 करोड़ रुपए की है। उनकी पत्नी अलकानाथ के पास नकदी केवल 30 हजार 245 रुपए है। पति से ज्यादा 3.33 करोड़ रुपए की ज्वेलरी तथा जमीन 16.56 करोड़ रुपए की है। अलकानाथ के पास कम्पनियों के शेयर और बॉण्ड तथा अच्छा खासा बैंक बैलेंस है। तीन मोटरकार में दो एम्बेसडर एवं अन्य वाहन शामिल हैं।
कमलनाथ और पत्नी अलकानाथ के नाम संपत्ति
| संपत्ति | कमलनाथ | अलकानाथ |
| चल | 71312774 रुपए | 459546656 रुपए |
| अचल | 644551153 रुपए | 165660000 रुपए |
| कुल | 715863927 रुपए | 625206656 रुपए |
चार साल पहले 124.67 करोड़ रुपए के मालिक थे
वर्ष 2019 में छिंदवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में कमलनाथ ने मुख्यमंत्री रहते चुनाव लड़ा था। उस समय कमलनाथ की चल संपत्ति 7.01 करोड़, अचल संपत्ति 68.36 करोड़ रुपए तथा पत्नी अलकानाथ की चल संपत्ति 33.50 करोड़, अचल संपत्ति 15.79 करोड़ रुपए घोषित की गई थी। उस समय पति-पत्नी की कुल संपत्ति 124 करोड़ 67 लाख रुपए थी।