
गांव में भड़की आग में 20 घर जलकर राख (Photo Source- Input)
Fire Wreaks Havoc :मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से पिछले दिनों अलग हुए पांढुर्णा जिले के एक गांव में उस वक्त अफरा - तफरी फैल गई, जब पूरा का पूरा गांव अचानक भीषण आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गांव के करीब 20 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चिंगारी ने गांव के अलग अलग घरों के दर्जनों पालतू पशुओं की भी जान चली गई। गनीमत रही इस भीषण आगजनि में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन हादसे में लाखों रूपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, हादसे के बाद प्रशासन ने प्रभावितों को हर संभव सहायता देने की बात कही है। देखना दिलचस्प होगा कि, इस भीषण गर्मी में खुले आसमान के नीचे आए दर्जनों लोगों को कबतक इंतजार करना पड़ता है।
ये पूरा मामला सौसर इलाके के अंतर्गत आने वाले दवामी गांव का है। बताया जा रहा है कि, रविवार की सुबह गांव में भीषण आगजनी की घटना घटी। एक छोटी सी चिंगारी से भड़की आग ने देखते ही देखते करीब करीब पूरे गांव को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण आगजनी में दर्जनों मकानों को नुकसान पहुंचा है, जबकि 20 घर जलकर खाक हो गए। घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर जान बचाने में जुट गए। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने कई मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आकर घऱों के बाहर बंधे एक दर्जन से अधिक पालतू पशुओं की जलकर मौत हो गई।
मामले की शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि ग्रामीणों का अनुमान है कि, पशुओं के लिए रखे हुए चारे या चूल्हे की चिंगारी से आग भड़की हो सकती है। आग लगने के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बुझाने की कोशिश की। वहीं सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल पुलिस आग लगने कारण तलाश रही है।
इस हादसे में कई परिवारों का सामान जलकर नष्ट हो गया है। राहत की बात ये रही कि, किसी जनहानि की खबर नहीं है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।
Updated on:
03 May 2026 02:04 pm
Published on:
03 May 2026 02:04 pm
