1 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दीनदयाल रसोई में इनरव्हील क्लब ने लगाया वाटर कूलर

गुरैया सब्ज़ी मंडी में 30 लीटर की वाटर कूलर यूनिट भेंट की क्लब की सदस्यों ने भविष्य में भी सामाजिक कार्य करते रहने का संकल्प

3 min read
Google source verification
chhindwara

chhindwara

छिंदवाड़ा . मजदूर दिवस के अवसर पर इनरव्हील क्लब ने गुरैया सब्ज़ी मंडी स्थित दीनदयाल रसोई में एक 30 लीटर की वाटर कूलर यूनिट भेंट की। क्लब अध्यक्ष श्वेता पाटनी घई के मार्गदर्शन में की गई इस पहल का उद्देश्य वहां आने वाले श्रमिकों और जरूरतमंद लोगों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर क्लब सदस्यों ने सभी श्रमिकों को धूप से बचाव के लिए कैप, गन्ने का रस और मिठाई भी वितरित की।

मानवता की सेवा और मजदूर वर्ग को राहत प्रदान करने के इस कार्य का उद्घाटन नगर निगम कमिश्नर सीपी राय, निगम इंजीनियर विवेक चौहान, दीनदयाल रसोई के संचालक अनिल सनोने तथा अजय राजपूत, क्लब अध्यक्ष और सदस्यों ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान अपर्णा तेलंग, प्राची चड्डा, हिना पाटनी और जूली पाटनी सहित अन्य क्लब सदस्य भी मौजूद रहीं। उपस्थित लोगों ने इनरव्हील क्लब के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक कदम बताया। क्लब की सदस्यों ने भविष्य में भी सामाजिक कार्य करते रहने का संकल्प लिया।

सत्य साईं बाबा का दिव्य ज्योति रथ छिंदवाड़ा पहुंचा

छिंदवाड़ा। सत्य साईं बाबा के शताब्दी जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में दिव्य ज्योति रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। साईं सेवा समिति द्वारा निर्मित यह दिव्य रथ विश्व शांति, मानवीय मूल्यों के पुनरुद्धार तथा बाबा के प्रेम और सेवा के संदेश के प्रचार-प्रसार हेतु पूरे भारतवर्ष में चरणबद्ध रूप से भ्रमण कर रहा है। इसी क्रम में विगत सात दिनों से यह दिव्य रथ छिंदवाड़ा जिले के विभिन्न गांव, शहर एवं कस्बों में भ्रमण करते हुए साईं भक्तों तक पहुंचा। धर्म नगरी छोटी बाज़ार में गुरुवार को इस रथ का विशेष स्वागत किया गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं ने बाबा के दिव्य रथ का कपूर आरती, पूजन-पाठ एवं पुष्प अर्पित कर भव्य स्वागत किया। साथ ही प्रसाद वितरण भी किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के पश्चात वाहन रैली के माध्यम से छोटी बाज़ार से शिरडी साईं मंदिर तक भव्य यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यह दिव्य रथ शुक्रवार को बैतूल के लिए रवाना हुआ।

भगवान सहस्त्रवाहु मंदिर निर्माण के लिए दिया सहयोग

छिंदवाड़ा। राष्ट्रीय कलचुरी समाज के अध्यक्ष दिलीप सूर्यवंशी का शुक्रवार को शहर आगमन हुआ। इस मौके पर सूर्यवंशी कलार समाज द्वारा गठित प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। समाज की गतिविधियों से अवगत कराया। सामाजिक सदस्यों ने बताया कि जिले में भगवान सहस्त्रबाहु का मंदिर प्रस्तावित है। इस पर, राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीप सूर्यवंशी ने मंदिर निर्माण के लिए 2 लाख रुपये के सहयोग की घोषणा की।

श्रमिक दिवस पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया

छिंदवाड़ा। अंतर राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर एस्टर फाउंडेशन ने श्रमिकों के सम्मान में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं औषधि वितरण शिविर का आयोजन किया। शिविर में डॉ. पवन नेमा एवं वैशाली शेंडे ने अपनी टीम के साथ मरीजों की जांच की। रेलवे ट्रैक क्षेत्र, मालधक्का एवं कृष्णा वेयरहाउस जैसे स्थानों पर आयोजित इस शिविर में कुल 109 श्रमिकों ने लाभ प्राप्त किया। इस दौरान श्रमिकों का ब्लड प्रेशर एवं शुगर जांचा गया तथा आवश्यकतानुसार नि:शुल्क दवाइयों का वितरण एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। इस सेवा कार्य में संजनाचटकवार एवं साक्षी अहाके ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

बाल संस्कार शिविर का शुभारंभ, बच्चे पढेंगे संस्कृति का पाठ

छिंदवाड़ा धर्म, समाज और संस्कृति से बच्चों को जोड़ने के लिए संस्कार शिविर सशक्त माध्यम हैं। ग्रीष्मकालीन अवकाश का यह समय अपनी प्रतिभा को निखारने में व्यतीत करें, मोबाइल को माध्यम बनाना आवश्यक नहीं। शिविर से प्राप्त शिक्षा संपूर्ण जीवन में काम आएगी। यह बात डॉ. आरती बहिन ने बाल संस्कार शिविर के शुभारंभ अवसर पर कही।
तारण तरण दिगम्बर जैन समाज और नवयुवक मंडल के तत्वावधान में तारण भवन छोटी बाजार में शुक्रवार सुबह से सात दिवसीय बाल संस्कार शिविर शुरू हुआ। यह शिविर का २३वां वर्ष है, जिसमें नर्सरी से लेकर प्रौढ़ वर्ग तक की कक्षाएं लग रही हैं। १ से ७ मई तक चलने वाले इस शिविर में जैन धर्म के अलावा नैतिक शिक्षा और अनेक गतिविधियां सिखाई जा रही हैं।
शिविर को पंडित प्रदीप शास्त्री दमोह, पंडित सचिन शास्त्री भोपाल, पंडित मनीष शास्त्री नागपुर, पंडित आदित्य शास्त्री कुटेरा, पंडित प्रखर शास्त्री और पंडित दिवस शास्त्री छिंदवाड़ा का मार्गदर्शन मिल रहा है। प्रतिदिन सुबह ७ बजे योग, ध्यान, जुम्बा के बाद ८ से १० बजे तक शिक्षण कक्षाएं होती हैं। शाम को भजन-भक्ति और साहित्यिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। शुभारंभ पर बच्चों ने मंदिर विधि का आयोजन कर देव-शास्त्र-गुरु की सामूहिक आराधना की।