केबिनेट के निर्णय के दूसरे दिन राजस्व विभाग के अवर सचिव ने जारी किए आदेश
छिंदवाड़ा.चालीस साल के लम्बे संघर्ष और तमाम अवरोध के बाद पांढुर्ना ने गुरुवार को सरकारी दस्तावेज में जिला बनने का गौरव प्राप्त कर लिया। एक दिन पहले बुधवार की आधी रात शिवराज सरकार की केबिनेट में जिला बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली। दूसरे दिन राजस्व विभाग के अवर सचिव ने भू-राजस्व संहिता की शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिला गठन का आदेश जारी कर दिए। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक कलेक्टर-एसपी की नियुक्ति का इंतजार रहा।
इस आदेश के मुताबिक राजपत्र में प्रकाशन की तारीख से नवीन जिला पांदुर्णा (मुख्यालय पांदुर्णा) का गठन किया गया। जिसमें पांदुर्णा तहसील के 74 हलके तथा सौंसर तहसील के 63 हलके कुल कुल 137 हलके शामिल रहेंगे। पांदुर्णा जिले के गठन उपरांत छिंदवाड़ा जिले में शेष 12 तहसीलें क्रमश: अमरवाड़ा, उमरेठ, चांद चौरई, छिंदवाड़ा, छिंदवाड़ा नगर, जुन्नारदेव, तामिया, परासिया, बिछुआ, मोहखेड़, हर्रई के 686 हलके शेष रहेंगे।
......
ये होंगी पांढुर्ना जिले की सीमाएं
पांढुर्णा जिला की सीमा पूर्व में छिंदवाड़ा और नागपुर, पश्चिम में बैतूल, दक्षिण में अमरावती और नागपुर और उत्तर में छिंदवाड़ा होगी।
.......
पांढुर्ना में दो विधानसभा, शेष छिंदवाड़ा में पांच होंगी
राजनीतिक दृष्टि से नए पांढुर्ना जिला में सौंसर और पांढुर्ना विधानसभा क्षेत्र होंगे तो वहीं शेष छिंदवाड़ा जिला में पांच विधानसभा छिंदवाड़ा, परासिया, जुन्नारदेव, चौरई और अमरवाड़ा होंगी। .
......
सीएम के आने की सुगबुगाहट तेज
पांढुर्ना जिला के अस्तित्व में आने ेके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 6 अक्टूबर के आने की सुगबुगाहट तेज हो गई है। पीडब्ल्यूडी समेत अन्य विभाग के अधिकारी हेलीपेड की तैयारी करते दिखे। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक सीएम अस्थायी कलेक्ट्रेट भवन कृषि उपज मण्डी का लोकार्पण कर सकते हैं। फिलहाल उनके अधिकृत कार्यक्रम आने का इंतजार रहा।
........
ऐसा रहा पांढुर्णा जिला बनने का सफर
24.08.23...जामसांवली हनुमान मंदिर में हनुमान लोक के भूमिपूजन में सीएम ने की पांढुर्ना जिला की घोषणा।
25.08.23..... राज्य शासन ने 24 घंटे के भीतर राजपत्र में नए जिले का नोटिफिकेशन का प्रकाशन किया।
29.09.23.... कलेक्ट्रेट कार्यालय छिंदवाड़ा में दावे आपत्तियां संबंधित सुनवाई हुई।
04.10.23.... वर्तमान सरकार की अंतिम कैबिनेट में पांढुर्णा को जिला बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
05.10.23...अवर सचिव राजस्व के आदेश से जिला अस्तित्व में आ गया।
.......