नही सुधर पा रही है जिला अस्पताल के जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा की अवस्थाएं, प्रमाण पत्र पाने लग रहे तीन से चार महीने
छिंदवाड़ा. बच्चें को पहचान के लिए सबसे पहले जन्म प्रमाण पत्र की आवश्यकता होती है जिसके लिए माता-पिता संघर्ष करते है। जिला अस्पताल में जन्में बच्चों को अपने जन्म प्रमाण पत्र के लिए कई महीनों का इंतजार करना पड़ रहा हैै। जन्म प्रमाण पत्र के लिए परिजन जिला अस्पताल के सिविल सर्जन कार्यालय में आवेदन करते है लेकिन इस कार्यालय से वर्तमान में तारीख पर तारीख मिल रही है। अब तो परिजनों को ऐसा लगने लगा है कि वह जन्मप्रमाण पत्र लेने नहीं किसी अपराध की पेशी में आ रहे है जिसको लेकर उन्हें सिविल सर्जन कार्यालय से तारीख पर तारीख मिलती है।
जिला अस्पताल के इस कार्यालय की व्यवस्थाएं लंबे समय से बिगड़ी हुई है, वहां के कर्मचारी सर्वर की समस्या बताते है लेकिन उनकी लापरवाही तब सामने आती है जब कुछ लोगों को एक दिन में ही जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र मिल जाता है। वर्तमान में आवेदन करने पर सीधे एक माह बाद की तारीख लिखकर दी जाती है फिर अगले और फिर उसके अगले महीनों की तारीख से कई महीने बीत रहे है।